‘मंत्रियों का काम अर्थव्यवस्था सुधारना है, कॉमेडी सर्कस चलाना नहीं’

न्यूज डेस्क

केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल द्वारा अर्थशास्त्री अभिजीत बनर्जी पर किए गए टिप्पणी को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि मंत्रियों का काम कॉमेडी सर्कस चलाना नहीं बल्कि अर्थव्यवस्था को सुधारना है।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने शनिवार को ट्वीट कर कहा कि भाजपा नेताओं को जो काम मिला है उसको करने की बजाय वे दूसरों की उपलब्धियों को झुठलाने में लगे हैं। नोबेल पाने वाले ने अपना काम ईमानदारी से किया, नोबेल जीता।

कांग्रेस महासचिव ने तंज कसते हुए कहा कि अर्थव्यवस्था ढही जा रही है। आपका काम उसको सुधारना है न कि कॉमेडी सर्कस चलाना।

दरअसल भाजपा नेताओं ने अभिजीत बनर्जी के नोबेल पुरस्कार मिलने पर प्रशंसा करते हुए न्याय कार्यक्रम के लिए उनके काम और उनके राजनीतिक झुकाव पर सवाल उठाया था। शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भी कहा था कि बनर्जी के राजनीतिक विचार वाम की ओर झुकाव वाले हैं और लोगों ने उनकी न्याय योजना को खारिज कर दिया था।

पीयूष गोयल ने पुणे में संवाददाताओं से कहा कि मैं अभिजीत बनर्जी को नोबेल पुरस्कार जीतने की बधाई देता हूं। आप सभी जानते हैं कि उनकी सोच पूरी तरह वाम की ओर झुकाव वाली है। भाजपा नेता ने कहा कि बनर्जी ने कांग्रेस द्वारा प्रस्तावित ‘न्याय’  योजना का समर्थन किया और भारत की जनता ने उनकी सोच को नकार दिया।

मालूम हो नोबेल मिलने के बाद अभिजीत बनर्जी ने कहा था कि भारतीय अर्थव्यवस्था डगमगा रही है और वर्तमान में उपलब्ध आंकड़े बहुत जल्द देश की अर्थव्यवस्था के उबरने का आश्वासन नहीं देते।

यह भी पढ़ें : हिलेरी क्लिंटन पर क्यों भड़कीं तुलसी गबार्ड

यह भी पढ़ें : छात्रों को चोंगा पहनाकर नकल रोकने का पागलपन

Related Articles

Back to top button