बीजेपी की ऐतिहासिक जीत, CM देवेंद्र फडणवीस बने ‘महाराष्ट्र का धुरंधर’, मुंबई में लगे पोस्टर-बैनर

जुबिली न्यूज डेस्क

मुंबई: बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के शानदार प्रदर्शन के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। मुंबई के मालाड, कांदिवली समेत कई इलाकों में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को ‘महाराष्ट्र का धुरंधर’ बताते हुए बड़े-बड़े पोस्टर और बैनर लगाए गए हैं। इन बैनर्स में फडणवीस की चुनावी रणनीति, नेतृत्व क्षमता और राजनीतिक जीत को प्रमुखता से दिखाया गया है।

विजयी उम्मीदवारों ने लगाए पोस्टर

जानकारी के अनुसार, ये पोस्टर हाल ही में चुने गए बीजेपी के विजयी उम्मीदवारों की ओर से लगाए गए हैं। मुंबई के प्रमुख चौराहों और व्यस्त इलाकों में लगे इन बैनर्स ने आम लोगों के बीच चर्चा का माहौल बना दिया है।

तजिंदर सिंह तिवाना ने संभाली अगुवाई

मुंबई बीजेपी युवा मोर्चा के अध्यक्ष और नवनिर्वाचित कॉर्पोरेटर तजिंदर सिंह तिवाना ने शहर के कई हिस्सों में ‘धुरंधर देवेंद्र’ लिखे पोस्टर लगवाए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को इस जीत का मुख्य रणनीतिकार बताया।

BMC चुनाव नतीजे: बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी

BMC की कुल 227 वार्डों में से

  • बीजेपी: 88 सीटें

  • शिवसेना (UBT): 67 सीटें

  • शिवसेना: 28 सीटें

  • कांग्रेस: 24 सीटें

  • AIMIM: 8 सीटें

  • MNS: 6 सीटें

  • NCP: 3 सीटें

  • SP: 0 सीट

इन नतीजों के साथ बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।

बीजेपी के मेयर बनने की स्थिति मजबूत

शुक्रवार को घोषित नतीजों में बीजेपी और शिवसेना गठबंधन ने BMC समेत राज्य की 29 में से 25 नगर निगमों में बहुमत हासिल किया है। इसके अलावा बीजेपी 20 नगर निगमों में मेयर बनाने की स्थिति में पहुंच चुकी है। देश की सबसे अमीर सिविक बॉडी BMC पर कब्ज़े को बीजेपी की बड़ी राजनीतिक जीत माना जा रहा है।

पीएम मोदी ने जताया आभार

महाराष्ट्र में जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया के जरिए जनता का धन्यवाद किया। उन्होंने लिखा,“धन्यवाद महाराष्ट्र! मेहनती लोगों ने NDA के जन-समर्थक सुशासन को आशीर्वाद दिया है। यह जनादेश विकास, प्रगति और महाराष्ट्र की गौरवशाली संस्कृति के समर्थन का प्रतीक है।”

Related Articles

Back to top button