बदरपुर सीट से बसपा उम्मीदवार एन डी शर्मा पर जानलेवा हमला

न्यूज़ डेस्क

दिल्ली विधानसभा चुनाव में बसपा उम्मीदवार एन डी शर्मा पर अज्ञात लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमला उस समय हुआ जब वो बीती रात मीटिंग से वापस घर लौट रहे थे। हमले में एनडी शर्मा और उनके साथी बुरी तरह से जख्मी हो गए। साथ ही उनकी कार भी बुरी तरह से छतिग्रस्त हो गई। एन डी शर्मा को बदरपुर सीट से बसपा ने उम्मीदवार बनाया है।

ख़बरों के अनुसार नारायण दत्त शर्मा पर करीब आठ से 10 लोगों ने उन पर हमला किया था। उन्होंने आशंका जताई है कि जिन लोगों के खिलाफ वो चुनाव लड़ रहे हैं, उन्होंने ही ये हमला करवाया है।

गौरतलब है कि साल 2015 में नारायण दत्त शर्मा दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के टिकट से जीत कर बदरपुर से विधायक चुने गए थे। बीते कुछ दिनों पहले उन्होंने दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पर 20 करोड़ में बदरपुर की टिकट भू-माफियाओं को बेचने का आरोप लगाया था।

वहीं, इस बार आम आदमी पार्टी ने बदरपुर सीट से कांग्रेस से आप में शामिल हुए राम सिंह को दे दिया था। इससे नाराज होकर नारायण दत्त शर्मा ने आप छोड़ दी थी। बता दें कि दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों के लिए आठ फरवरी को चुनाव होना है। जबकि 11 फरवरी को चुनाव के नतीजे आएंगे। मतदान के लिए दिल्ली में 13750 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।

Related Articles

Back to top button