शराब पीने पर टोका तो पति ने ली पत्नी की जान, बेटी ने पुलिस को बताई दास्तां

न्यूज़ डेस्क

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के आगरा में शराब पीने पर पति को टोकना पत्नी की जान पर भारी पड़ गया। नशे में धुत पति ने पत्नी को पीटकर घायल कर दिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। आरोपी के खिलाफ उसकी नाबालिग बेटी ने मुकदमा दर्ज कराया है।

मूलरूप से पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी निवासी 42 वर्षीय अमृता पति संजय के साथ ताजगंज क्षेत्र के हजजूपुरा स्थित एक मकान में किराये पर रहती थी। संजय एक होटल में वेटर है। दोनों के तीन बेटियां हैं। एक की शादी हो चुकी है।

पति संजय शराब पीकर घर आया था। पत्नी ने उसके शराब पीकर घर आने का विरोध किया। पति और पत्नी के बीच झगड़ा हो गया। पति-पत्नी में हाथापाई होने लगी। झगड़े के दौरान संजय ने पत्नी अमृता के चेहरे पर मुक्का मार दिया।

इतना ही नहीं उसके सिर को पकड़कर दीवार में जोर से दे मारा। इससे उसका सिर फट गया और वो जमीन पर गिर पड़ी। उसके सिर से खून बहने लगा। इसी बीच 13 वर्षीय पुत्री कमरे में पहुंची तो मां को खून से लथपथ देख चीख पड़ी। उसकी चीख सुनकर आसपास के लोग आ गए। पड़ोसियों की मदद से घायल अमृता को एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।

यहां इलाज के दौरान रविवार को अमृता की मौत हो गई। मामले में नाबालिग बेटी ने थाना ताजगंज में तहरीर दी। इस पर पुलिस ने आरोपी संजय के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घटना के बाद से आरोपी फरार है।

Related Articles

Back to top button