रामपुर में CM योगी की विपक्ष को चुनौती, बोले- आस्था की ताकत ने विरोधियों को झुका दिया

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को रामपुर में 690 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान राम सब जानते हैं कि कौन सही है और कौन गलत।सीएम योगी ने अपने संबोधन में राम मंदिर, अयोध्या और धार्मिक आस्था से जुड़े मुद्दों का जिक्र करते हुए विपक्षी दलों पर हमला बोला।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक भगवान राम के अस्तित्व को नकारने का काम किया। उन्होंने कहा कि जो लोग पहले राम से दूरी बनाते थे, वही आज अयोध्या जाने के लिए उत्साहित नजर आ रहे हैं।

उन्होंने कहा, “राम से चिढ़ने वाले आज अयोध्या जाने को मचल रहे हैं।” मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर आरोप लगाते हुए कहा कि आस्था की शक्ति ने उनके रुख में बदलाव ला दिया है।

सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में हालात अलग थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय “जय श्री राम” बोलने वालों पर कार्रवाई की जाती थी, लेकिन आज वही लोग रामभक्ति और आस्था की बात करते दिखाई दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जो लोग कभी राम भक्तों का विरोध करते थे, आज उन्हें जनता की आस्था के सामने झुकना पड़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोगों को अयोध्या और मथुरा के विकास से परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम के भव्य स्वरूप को देखकर भी कुछ लोगों को समस्या होती है।

उन्होंने कहा कि भगवान राम की भक्ति ऐसे लोगों से निपटने की शक्ति देती है।

रामपुर में सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी की पिछली सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि 2017 से पहले रामपुर में गरीबों की जमीनों पर कब्जे होते थे और कमजोर वर्ग के लोगों को परेशान किया जाता था।

उन्होंने कहा कि उस समय सरकारी भर्तियों और योजनाओं में भी भेदभाव के आरोप लगते थे। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि वर्तमान सरकार में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और आम लोगों को सुरक्षा मिली है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछली सरकारों में प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को सम्मान नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी जैसे आयोजनों पर रोक लगाई गई थी।

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार विरासत और विकास दोनों को साथ लेकर चल रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और सपा की नीतियों के कारण उत्तर प्रदेश पहले पिछड़े राज्यों में गिना जाता था। उन्होंने दावा किया कि आज उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और विकास के नए मॉडल के रूप में उभर रहा है।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार तुष्टीकरण की राजनीति नहीं बल्कि सभी वर्गों के विकास और संतुष्टीकरण पर काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य हर जिले में विकास को गति देना है। रामपुर में 690 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं इसी दिशा में एक बड़ा कदम हैं।

उन्होंने कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में सरकार लगातार काम कर रही है।

Related Articles

Back to top button