अमेरिका-ईरान जंग के बीच नई कूटनीति: सऊदी-रूस नजदीकी ने बढ़ाई हलचल

जुबिली न्यूज डेस्क

मध्य पूर्व में जारी भीषण संघर्ष को एक महीना बीत चुका है, लेकिन अमेरिका और ईरान के बीच जंग थमने का नाम नहीं ले रही। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश के बाद अमेरिकी सेना लगातार हमले कर रही है, जबकि ईरान भी जवाबी कार्रवाई में पीछे नहीं है। इस संघर्ष में इजरायल की भागीदारी ने हालात को और गंभीर बना दिया है।

इस जंग के बीच सऊदी अरब और रूस के रिश्तों में नई गर्माहट देखने को मिल रही है। सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच फोन पर बातचीत हुई, जिसमें मिडिल ईस्ट के हालात पर गहन चर्चा की गई।

रूस की आधिकारिक जानकारी के अनुसार, दोनों नेताओं ने मौजूदा संकट पर चिंता जताई और जल्द से जल्द युद्धविराम (सीजफायर) की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि सभी पक्षों के हितों को ध्यान में रखते हुए इस विवाद का समाधान कूटनीतिक तरीके से निकाला जाना चाहिए।

हाल के दिनों में डोनाल्ड ट्रंप और मोहम्मद बिन सलमान के बीच तनाव बढ़ने की खबरें हैं। ट्रंप के एक बयान के बाद दोनों देशों के रिश्तों में खटास आई है। ऐसे में सऊदी अरब का रूस के करीब जाना वैश्विक राजनीति में बड़ा संकेत माना जा रहा है।

इस युद्ध का असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है। खासतौर पर स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज में रुकावट के कारण तेल और गैस की सप्लाई बुरी तरह प्रभावित हुई है। इससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल की आशंका है।

पाकिस्तान समेत कई देश पहले ही महंगाई और ऊर्जा संकट की मार झेल रहे हैं, और अगर हालात जल्द नहीं सुधरे तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

Related Articles

Back to top button