नागपुर रोजगार मेले में दो महिला अधिकारियों का विवाद, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के सामने वीडियो हुआ वायरल

जुबिली स्पेशल डेस्क
महाराष्ट्र के नागपुर में आयोजित रोजगार मेले के दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की मौजूदगी में दो महिला अधिकारियों के बीच विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में देखा जा सकता है कि दोनों अधिकारी एक-दूसरे के साथ भिड़ रही हैं; एक अधिकारी ने दूसरी को कोहनी से धक्का दिया और चिकोटी भी काटी।
विवाद का कारण
सूत्रों के अनुसार, यह झगड़ा पोस्टमास्टर जनरल (PMG) के पद और चार्ज को लेकर है। नागपुर की पोस्टमास्टर जनरल शोभा मधले (नारंगी साड़ी) को 8 सितंबर को कर्नाटक के घरवाड़ में ट्रांसफर किया गया था।
उनके ट्रांसफर ऑर्डर पर कोर्ट में स्टे लग जाने के बाद नागपुर का चार्ज नवी मुंबई की पोस्टमास्टर जनरल सुचिता जोशी (ग्रे साड़ी) को दिया गया। यही कारण है कि दोनों के बीच पेशेवर मतभेद और विवाद जारी था।

रोजगार मेले में विवाद
रोजगार मेले में दोनों अधिकारी एक ही सोफे पर बैठी थीं, तभी सार्वजनिक रूप से झगड़ा शुरू हुआ। मधले ने जोशी के हाथ को धक्का दिया, जिससे सोफे पर पानी गिर गया। इसके अलावा मधले पर जोशी के बाएं हाथ पर चिकोटी काटने और कोहनी से धक्का देने का आरोप भी है।
आगे की कार्रवाई
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की मौजूदगी में हुई इस अशोभनीय घटना के बाद दोनों महिला अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
कोहनी से धक्का मारा, चिकोटी काटी….मंच पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की मौजूदगी में दो महिला अधिकारियों का झगड़ा वायरल! #ViralVideo | #Nagpur pic.twitter.com/1WWPOvkheO
— NDTV India (@ndtvindia) October 25, 2025
