बीजेपी के ही प्‍लान से योगी को घेर रहीं हैं प्रियंका

न्‍यूज डेस्‍क

कांग्रेस पार्टी इस समय अपने राजनीतिक सफर के सबसे कठिन दौर से गुजर रही है। पार्टी अध्‍यक्ष राहुल गांधी पर अड़े हुए हैं, दूसरी ओर उनके समर्थन में देश के अलग-अलग राज्‍यों के प्रमुखों और पदाधिकारियों में इस्‍तीफे देने की होड़ सी लग गई है। इस बीच कोई बड़ा नेता आगे आकर अध्‍यक्ष पद स्‍वीकार करने को तैयार नहीं हो रहा है।

दूसरी ओर पार्टी में इंदिरा गांधी की झलक लेकर आंधी की तरह आईं पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मोदी सुनामी के बाद उत्‍तर प्रदेश को अपनी नाक की लड़ाई बना ली है और अब प्रदेश की राजनीति में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का मुख्‍य विरोधी बनने की रणनीति पर काम कर रहीं हैं।

प्रियंका लगातार सूबे के मुखिया योगी आदित्‍यनाथ और बीजेपी सरकार को कानून व्‍यवस्‍था को लेकर घेर रहीं हैं साथ ही संगठन को मजबूत करने के लिए भी बैठकें कर रहीं हैं। सूत्रों की माने तो यूपी में पार्टी के खराब प्रदर्शन से आहत प्रियंका ने प्रदेश की राजनीति में गर्त में जा चुकी कांग्रेस को दोबार खड़ा करने की जिम्‍मेदारी अपने हाथों में ले ली है।

प्रियंका ने यूपी में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए खास प्‍लान बनाया है, जिसके वे उसी तरह काम कर रही हैं जैसे 2017 में बीजेपी ने समाजवादी पार्टी की सरकार को हटाने के लिए किया था। उस समय भी बीजेपी ने अखिलेश सरकार पर कानून व्‍यवस्‍था को मुद्दा बनाकर घेरा था और जनता के बीच जगह बनाई थी।

प्रियंका भी लगातार यूपी सरकार पर सूबे में खराब कानून व्‍यवस्‍था और बेखौफ अपराधियों पर लगाम न लगा पाने का आरोप लगा रहीं हैं और लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश में अपराधों के बढ़ते आंकड़ों पर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार पर हमला बोला है।

प्रियंका गांधी ने कहा कि क्या योगी सरकार ने अपराधियों के सामने समर्पण कर दिया है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश में अपराध की हालिया घटनाओं को लेकर योगी आदित्यनाथ सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि राज्य में अपराधी सरेआम मनमानी करते घूम रहे हैं लेकिन इससे सरकार पर कोई असर नहीं हो रहा है। इस पर कांग्रेस महासचिव ने यह पूछा कि क्या प्रदेश की भाजपा सरकार ने अपराधियों का सामने समर्पण कर दिया है।

पूर्वी उत्तर प्रदेश की कांग्रेस प्रभारी प्रियंका ने ट्वीट कर कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश में अपराधी खुलेआम मनमानी करते घूम रहे हैं। रोज एक के बाद एक आपराधिक घटनाएं हो रही हैं। इसके बाद भी भाजपा सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही। उन्होंने पूछा, क्या उत्तर प्रदेश सरकार ने अपराधियों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। प्रियंका ने हिंदी में ट्वीट करते हुए राज्य में विभिन्न आपराधिक घटनाओं की खबरों वाले एक कोलाज की तस्वीर भी पोस्ट की है।

हालांकि, यूपी पुलिस ने ट्वीट हैंडल से कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को जवाब दिया और आंकड़े जारी बताया है कि पुलिस ने अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए क्‍या-क्‍या किया है।

यह पहली बार नहीं है जब कांग्रेस महासचिव प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था के लिए राज्य सरकार पर हमला बोल रही हैं। उन्होंने पिछले सप्ताह सरकार से प्रदेश में महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर सवाल किया था।

(हमें फ़ेसबुकट्वीटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो करें)

Related Articles

Back to top button