ट्विशा डेथ केस में बड़ा एक्शन: रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह गिरफ्तार

भोपाल: ट्विशा शर्मा डेथ केस में बड़ा मोड़ आ गया है। सीबीआई ने मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की रिटायर्ड जज और ट्विशा शर्मा की सास गिरिबाला सिंह को कई घंटों की पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। उनकी गिरफ्तारी उस समय हुई, जब हाईकोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत रद्द कर दी।

गुरुवार (28 मई) को CBI की टीम भोपाल के बाग मुगलिया एक्सटेंशन स्थित एचआईजी-311 आवास पर पहुंची। इस दौरान इलाके में भारी पुलिस बल तैनात रहा। जांच एजेंसी अब घटनास्थल का वर्चुअल वॉकथ्रू तैयार कर केस की हर कड़ी जोड़ने में जुटी है।

गिरिबाला सिंह पर दहेज उत्पीड़न और दहेज मृत्यु से जुड़ी कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है, जिनमें शामिल हैं:

  • दहेज मृत्यु से संबंधित धारा
  • विवाहित महिला के साथ क्रूरता की धारा
  • संयुक्त आपराधिक दायित्व की धारा

महाधिवक्ता प्रशांत सिंह ने अदालत में दलील दी कि गिरिबाला सिंह ने:

  • जमानत की शर्तों का पालन नहीं किया
  • जांच में सहयोग नहीं किया

इसके बाद मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने देर रात उनकी अग्रिम जमानत रद्द कर दी।

महाधिवक्ता के मुताबिक, ट्विशा शर्मा के शरीर पर 7 चोटों के निशान मिले थे। अदालत ने माना कि ये चोटें मौत से पहले की थीं। हाईकोर्ट ने टिप्पणी की कि मामला “संदिग्ध परिस्थितियों” और संभावित अपराध की ओर इशारा करता है।

ट्विशा के पति और पेशे से वकील समर्थ सिंह पहले से ही CBI हिरासत में हैं। CBI ने हाल ही में मध्य प्रदेश पुलिस से केस अपने हाथ में लेकर नई FIR दर्ज की थी, जिसमें समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह दोनों को आरोपी बनाया गया।

12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में ट्विशा शर्मा अपने ससुराल में फंदे से लटकी मिली थीं। परिवार ने इसे दहेज उत्पीड़न और संदिग्ध मौत का मामला बताया था, जिसके बाद जांच CBI को सौंप दी गई।

Related Articles

Back to top button