केरलम चुनाव परिणाम: क्या पिनाराई विजयन की ‘हैट्रिक’ रोक पाएगी कांग्रेस? एग्जिट पोल ने बढ़ाई धड़कनें।

Kerala Assembly Election Result 2026: केरलम की राजनीति के लिए सोमवार (4 मई) का दिन निर्णायक होने वाला है।
मतगणना से ठीक एक दिन पहले मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन द्वारा अपने सोशल मीडिया बायो में बदलाव करने से सियासी गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। जहाँ विजयन लगातार तीसरी बार ऐतिहासिक जीत की उम्मीद कर रहे हैं, वहीं एग्जिट पोल के आंकड़े कांग्रेस के नेतृत्व वाली UDF के पक्ष में जाते दिख रहे हैं।
1. मुख्यमंत्री विजयन का सोशल मीडिया बायो बदला, बढ़े कयास
काउंटिंग से ठीक पहले मुख्यमंत्री ने अपना बायो बदलकर “पोलिट ब्यूरो मेंबर, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सिस्ट)” कर दिया है।
धर्मदम सीट से चुनाव लड़ रहे विजयन इस बार कांग्रेस के वीपी अब्दुल रशीद और बीजेपी के के रंजीत से कड़े मुकाबले का सामना कर रहे हैं। बता दें कि 2021 में विजयन ने इस सीट पर 59.8% वोट हासिल कर शानदार जीत दर्ज की थी।
2. एग्जिट पोल्स में UDF को बढ़त, LDF के लिए खतरे की घंटी?
ज्यादातर एग्जिट पोल केरलम में सत्ता परिवर्तन का इशारा कर रहे हैं:
- एक्सिस माई इंडिया: UDF को 140 में से 78-90 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि सत्ताधारी LDF 49-62 सीटों पर सिमट सकती है।
- पीपल्स पल्स: इनके अनुसार UDF को 75-85 सीटें और LDF को 55-60 सीटें मिल सकती हैं।
- JVC: इस पोल ने बीजेपी (NDA) को 3 से 8 सीटें मिलने की संभावना जताई है, जो राज्य में एक नया रिकॉर्ड हो सकता है।
3. क्या टूटेगा 2021 का रिकॉर्ड?
2021 के चुनाव में पिनाराई विजयन ने हर पांच साल में सरकार बदलने का दशकों पुराना ट्रेंड तोड़कर इतिहास रचा था। उस समय LDF ने 99 सीटें जीती थीं। लेकिन 9 अप्रैल को हुए 78.27 प्रतिशत मतदान के बाद इस बार जनता का मूड बदला हुआ नजर आ रहा है।
4. कल सुबह 8 बजे से शुरू होगी ‘महाजंग’
तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी के साथ ही केरलम के नतीजे भी कल साफ हो जाएंगे। क्या विजयन अपनी धर्मदम की सीट बचा पाएंगे और क्या लेफ्ट फिर से सत्ता में वापसी करेगा, या कांग्रेस की अगुवाई वाला गठबंधन (UDF) सत्ता में वापसी करेगा? इसका फैसला कुछ ही घंटों में हो जाएगा।


