जेजे अस्पताल से फरार हुई बांग्लादेशी गर्भवती महिला, कांस्टेबल को धक्का देकर भागी

जुबिली न्यूज डेस्क

मुंबई: देशभर में अवैध रूप से रह रहे लोगों पर कार्रवाई के बीच मुंबई से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। 21 वर्षीय बांग्लादेशी गर्भवती महिला, जिसे नवी मुंबई में गिरफ्तार किया गया था, जेजे अस्पताल से फरार हो गई। महिला की पहचान रुबीना इरशाद शेख के रूप में हुई है, जो पांच महीने की गर्भवती है।

14 अगस्त को अस्पताल से भागी महिला

पुलिस के अनुसार, महिला 14 अगस्त को अस्पताल से भागी। वह इलाज के लिए मुंबई के जेजे अस्पताल में भर्ती थी। पुलिस ने बताया कि रुबीना ने ड्यूटी पर तैनात एक कांस्टेबल को धक्का देकर अस्पताल से फरार होने में सफलता पाई। घटना के बाद मुंबई पुलिस ने पूरे शहर में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

अवैध तरीके से रह रही थी रुबीना

जांच में पता चला कि रुबीना इरशाद मूल रूप से बांग्लादेश की निवासी है। वह नकली जन्म प्रमाण पत्र के आधार पर भारत में रह रही थी। पुलिस ने बताया कि 5 अगस्त को नवी मुंबई से उसे अवैध रूप से रहने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उसे भायखला महिला जेल में रखा गया था, लेकिन त्वचा संबंधी बीमारी के इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसी दौरान उसने मौका पाकर फरार होने की योजना को अंजाम दिया।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना के बाद अस्पताल और जेलों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस ने महिला के खिलाफ फरार होने का केस दर्ज कर लिया है और उसे तलाशने के लिए कई टीमों को लगाया गया है।

ये भी पढ़ें-ट्रंप बोले-अब सीजफायर की जिम्मेदारी जेलेंस्की की

देशभर में चल रही कार्रवाई के बीच हुई घटना

गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से गृह मंत्रालय के आदेश पर देशभर में अवैध रूप से रह रहे लोगों पर कार्रवाई चल रही है। इस दौरान कई लोगों को हिरासत में लिया गया था। विपक्ष ने इस कार्रवाई को लेकर सरकार पर एकपक्षीय कार्रवाई का आरोप भी लगाया था।

Related Articles

Back to top button