UP : हॉकी खिलाड़ियों पर हुई धनवर्षा

जुबिली स्पेशल डेस्क

लखनऊ। हाल के दिनों में भारतीय हॉकी में ऐसी प्रतिभा देखने को मिली जो जमनी स्तर पर काफी कमजोर रहे हैं। आर्थिक बदहाली के बावजूद हॉकी के पटल पर न सिर्फ प्रदेश बल्कि विश्व स्तर पर भारत का नाम रौशन कर रहे हैं।

मुमताज खान से लेकर शारदानंद तिवारी तक ऐसी प्रतिभाये हैं जो बेहद गरीब परिवार से संबंध रखती है लेकिन इसके बावजूद भारतीय हॉकी में इन खिलाडिय़ों का डंका बज रहा है।

यूपी की धरती से कई बड़े हॉकी खिलाड़ी देश का झंडा बुलंद कर चुके हैं। उत्तर प्रदेश हॉकी संघ की मेहनत का नतीजा है कि यहां से निकलने वाली प्रतिभा को हर सुविधा प्रदान की जा रही है। यूपी का नाम रौशन करने वाले खिलाडिय़ों को यूपी सरकार नगद पुरस्कार देकर सम्मानित कर रही है।

इस बीच  विदेशी सरजमीं के साथ ही देश में प्रदेश का नाम रोशन करने वाले हॉकी खिलाडय़ों को खेल विभाग नकद धनराशि देकर सम्मानित किया है। मंगलवार को इन खिलाड़ियों को केडी सिंह बाबू स्टेडियम के मीटिंग हॉल में खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव ईनामी धनराशि देकर सम्मानित किया है।

क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी अजय सेठी के अनुसार इन खिलाडिय़ों में उत्तर प्रदेश सब जूनियर हॉकी टीम भी शामिल। इस टीम ने इस महीने दमदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश के लिए स्वर्ण पदक जीता और प्रदेश का गौरव बढ़ाया था।

राउरकेला में आयोजित हुई राष्ट्रीय सब जूनियर हॉकी चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश की टीम ने दमदार प्रदर्शन किया। बीते 28 मई को चैंपियनशिप के फाइनल में उत्तर प्रदेश ने ओडिशा को 7-1 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश की टीम ने दूसरी बार स्वर्ण पदक जीता।

इस टीम के 18 खिलाडिय़ों को नकद पुरस्कार दिया गया है। प्रत्येक खिलाड़ी को 20-20 हजार रुपये की धनराशि प्रदान किया गया है।

जूनियर एशिया कप में पुरुष और महिला दोनों ही वर्गों भारतीय हॉकी टीम चैंपियन बनी। इस टीम में भी प्रदेश के खिलाडिय़ों का जलवा शानदार रहा। पुरुष टीम में कप्तान सहित चार खिलाड़ी प्रदेश के हैं।

करमपुर के उत्तम सिंह, अडगावा के विष्णुकांत, लखनऊ के शारदानंद तिवारी और आमिर अली शामिल रहे। इन सभी खिलाडियों को 3-3 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। महिला वर्ग में लखनऊ की मुमताज खान ने भी जूनियर एशिया कप में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्हें भी यहां पर सम्मानित किया गया।

अपर मुख्य सचिव खेल डॉ. नवनीत सहगल ने कहा कि हमें गर्व है कि ओलंपिक और विश्वकप में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी छाये हुए हैं। खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी हॉकी के बुलंदियों को छू रहे हैं।

Related Articles

Back to top button