नोएडा सेक्टर 21 में जलवायु विहार की बाउंड्री वॉल गिरी, 2 जिंदगी ख़त्म

जुबिली स्पेशल डेस्क

लखनऊ। नोएडा सेक्टर- 21 के जलवायु विहार में एक दीवार ढहने से दो लोगों की मौत की खबर है जबकि कई लोगों के इसमें दबे होने की बात सामने आ रही है। राहत और बचाव काम शुरू हो गया है।

स्थानीय मीडिया की माने तो मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक दीवार से सटे नाले की सफाई का काम चल रहा था जिसमें मजदूर लगे थे तभी ये हादसा हुआ है।

दीवार के अचानक से गिर जाने के बाद अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया। हादसे के बाद जेसीबी मशीन से मलबे को निकाला जा रहा है ताकि फंसे हुए मजदूरों को सुरक्षित निकाला जा सके।

नोएडा के डीएम सुहास एलवाई ने बताया, ‘नोएडा के 21ए स्थिति जलवायु विहार में दीवार ढहने से 2 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जब 3 घायलों को नजदीक के अस्पताल ले जाया गया। 4 मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका के बीच राहत और बचाव कार्य जारी है।’

मौके पर उत्तर प्रदेश पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंच गई और रेस्क्यू ऑपरेशन को और तेज कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक 5-6 लोगों के फंसे होने की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि ये हादसा मंगलवार (20 सितंबर) की सुबह लगभग 9 बजे से 9:30 के बीच हुआ।

Related Articles

Back to top button