इवांका को ट्रंप ने हिंसक समर्थकों को देशभक्त कहना पड़ा महंगा

जुबिली न्यूज डेस्क

अमेरिका के यूएस कैपिटल बिल्डिंग में हुई हिंसा के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप को हमला करने वालों को देशभक्त कहना मंहगा पड़ा।

इवांका ट्रंप ने ट्विटर पर हमला करने वालों को देशभक्त कहा जिस पर वह आलोचकों के निशाने पर आ गई। उनके एक ट्वीट की इतनी आलोचना हुई कि उन्हें उसे डिलीट करना पड़ा और उस पर सफ़ाई देनी पड़ी।

बुधवार को ट्रंप के समर्थकों ने कैपिटल बिल्डिंग में घुसकर हिंसा शुरू कर दी। उस समय अमेरिकी कांग्रेस में इलेक्टोरल कॉलेज को लेकर बहस चल रही थी।

इसके बाद इवांका ट्रंप ने ट्वीट किया था, “अमेरिकी देशभक्तों- सुरक्षा का किसी भी तरह उल्लंघन या हमारे कानून के प्रति अनादर को स्वीकार नहीं किया जाएगा। हिंसा तुरंत बंद करनी होगी। कृपया शांति बनाए रखें।”

इस ट्वीट में हमला करने वालों को देशभक्त कहने को लेकर इवांका की आलोचना होने लगी। लोग इसका विरोध करने लगे। इसके बाद उन्होंने अपना ट्वीट डिलीट कर दिया और सफाई दी।

इवांका ने एक और ट्वीट किया जिसमें उन्होंने लिखा, “शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन देशभक्ति होती है। हिंसा स्वीकार्य नहीं है और मजबूती से इसकी आलोचना होनी चाहिए।”

दरअसल इवांका ट्रंप का ट्वीट केवल इसलिए महत्वपूर्ण नहीं है क्योंकि वो राष्ट्रपति ट्रंप की बेटी हैं बल्कि उनकी और उनके पति की ट्रंप प्रशासन में अहम भूमिका भी रही है।

दुनिया की सबसे ताकतवर बेटी को तौर पर इवांका ट्रंप जानी जाती हैं। उन्हें व्हाइट हाउस में ऑफिस दिया गया है और वो अपने पिता की सलाहकार भी हैं।

हालांकि, इवांका डोनाल्ड ट्रंप को वेस्ट विंग में काम करने के लिए उन्हें कोई पद या वेतन नहीं दिया जाता।

इवांका के पति जैरेड कश्नर एक अमरीकी कारोबारी हैं लेकिन, वो डोनाल्ड ट्रंप के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। उन्होंने 2016 के राष्ट्रपति चुनाव के दौरान ट्रंप के लिए डिजिटल मीडिया स्ट्रैटिजी तैयार करने और चलाने में मदद की थी।

कश्नर को 2017 में वरिष्ठ व्हाइट हाउस सलाहकार बनाया गया था जिसके बाद परिवारवाद को लेकर भी सवाल उठे थे। उन्हें लेकर हितों के टकराव का मामला भी उठता रहा है। उन पर आरोप लगे हैं कि उन्होंने अपने कारोबार को फायदा पहुंचाने वाली नीतियां प्रस्तावित की हैं।

जैरेड कश्नर ने मध्य पूर्व शांति प्रक्रिया में और ट्रंप प्रशासन की कोविड-19 को लेकर अपनाई गई रणनीतियों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

Related Articles

Back to top button