दिल्ली : यमुना नदी में पहुंचे बीजेपी नेता प्रवेश वर्मा, केजरीवाल के Cutout को पनी में डुबोया

जुबिली न्यूज डेस्क
दिल्ली विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही यमुना नदी की सफाई का मुद्दा राजनीतिक बहस का केंद्र बन गया है. बीजेपी उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल के वादों का अब तक कोई ठोस नतीजा नहीं दिखा।

शनिवार को प्रवेश ने अरविंद केजरीवाल के कटआउट को यमुना नदी में डुबकी लगवाकर ‘आप’ को घेरा। इस कटआउट पर लिखा था- मैं फेल हो गया, मुझे माफ करना। इसमें पूर्व सीएम केजरीवाल अपने कान पकड़े हुए दिख रहे हैं। बीजेपी उम्मीदवार अरविंद केजरीवाल के कटआउट को यमुना नदी में डुबकी लगवाते नजर आए।
प्रवेश वर्मा ने मीडियाकर्मियों से बात करते हुए आप पर दिल्ली को प्रदूषित करने का आरोप लगाया। हम सभी ने देखा है कि पूरी दुनिया में जहां पर नदियां होती हैं, वहां पर लोग बसते हैं। वहीं, दिल्ली में करीब 28 किलोमीटर यमुना नदी बहती है, जिसका हम बहुत फायदा उठा सकते हैं। यहां का पानी साफ करके पूरे दिल्ली एनसीआर को सप्लाई कर सकते हैं। यमुना नदी को साफ करना कोई रॉकेट साइंस नहीं है।
चुनाव में उछला यमुना नदी की सफाई का मुद्दा
नई दिल्ली विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार प्रवेश ने कहा कि जैसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साबरमती रिवर फ्रंट तैयार करवाया है। ठीक वैसे ही हम यमुना रिवर फ्रंट बना सकते हैं। 11 साल का समय बहुत लंबा होता है। केजरीवाल ने बार-बार कहा कि अगर मैं यमुना को साफ नहीं कर पाया तो वोट नहीं देना। उन्होंने इस पर करीब 8,000 रुपए खर्च किए, वो पैसे कहां गए, किसी को पता नहीं चला। इसकी जांच होगी। दिल्ली की जनता से मेरी अपील है कि उनको पांच फरवरी को मौका मिला है, वो एक बार भाजपा को मौका दें। हमारी प्राथमिकता है कि दिल्ली में हम यमुना नदी को साफ करेंगे।



