महिला आरक्षण बिल लोकसभा में गिरा, प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना

जुबिली न्यूज डेस्क
नई दिल्ली। लोकसभा के विशेष सत्र में महिला आरक्षण से जुड़ा संविधान (131वां संशोधन) विधेयक 2026 पारित नहीं हो सका। इसके बाद संसद में राजनीतिक घमासान तेज हो गया है और सत्ता पक्ष व विपक्ष के बीच तीखी बयानबाजी जारी है।
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि महिला आरक्षण का पुराना बिल, जिसे सभी दलों का समर्थन मिला था, उसे तुरंत दोबारा संसद में लाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सोमवार को संसद बुलाकर इस पर चर्चा की जाए और देश के सामने यह स्पष्ट किया जाए कि कौन महिला अधिकारों के पक्ष में है।
प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार महिला आरक्षण को जनगणना और परिसीमन से जोड़कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि यह महिलाओं का अधिकार है और इसे किसी भी स्थिति में रोका नहीं जा सकता।
सूत्रों के अनुसार, इस मुद्दे पर इंडिया गठबंधन ने रणनीति बनाई है और विपक्षी दल देशभर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार पर हमला तेज करने की तैयारी में हैं।
लोकसभा में हुए मतदान में यह विधेयक आवश्यक दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर सका। कुल 528 सांसदों में से 298 ने समर्थन में और 230 ने विरोध में वोट दिया, जबकि पास होने के लिए 352 वोट जरूरी थे। इस तरह यह बिल 54 वोटों से गिर गया।
बिल गिरने के बाद संसद का राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर टकराव और तेज होने की संभावना है।



