जानें क्यों यूपी पुलिस ने दबंग गर्ल पर दर्ज किया मुकदमा

न्यूज डेस्क

दबंग गर्ल सोनाक्षी सिन्‍हा के खिलाफ उत्‍तर प्रदेश पुलिस ने आईपीसी की धारा 420 (धोखाधड़ी) और 406 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। यह मुकदमा कटघर पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने स्टेज परफॉर्मेंस के लिए 2018 में 24 लाख रुपये लिए थे। लेकिन वे कार्यक्रम में शामिल नहीं हुईं। इस केस के सिलसिले में गुरुवार को यूपी पुलिस मुंबइ में सोनाक्षी के जुहू स्थित रामायण बंगलो पहुंची थी लेकिन अभिनेत्री वहां नहीं मिली।

पुलिस द्वारा मिली जानकारी के अनुसार मुरादाबाद जिले के कटघर थाना क्षेत्र के शिवपुरी निवासी प्रमोद शर्मा ने बीते 24 नवंबर को मुरादाबाद के एसएसपी से सोनाक्षी सिन्‍हा के खिलाफ शिकायत की थी। उनपर यह आरोप है कि पिछले साल 30 नवंबर को दिल्‍ली में आयोजित इंडिया फैशन ऐंड ब्यूटी अवार्ड कार्यक्रम में सोनाक्षी फीस लेने के बावजूद इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हुईं थी।

इसके लिए प्रमोद ने खुद टैलेंट फुल ऑन कंपनी से करार किया था। प्रमोद ने दावा किया है कि उन्‍होंने सोनाक्षी की निजी सचिव मालविका पंजाबी से बातचीत करने के बाद उनके खाते में ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर किये गये थे। लेकिन आखिर में सोनाक्षी ने इस कार्यक्रम में शामिल होने से इंकार कर दिया। इसके बाद पुलिस में इसकी शिकायत की।

इसके बाद गुरुवार को पुलिस सोनाक्षी सिन्हा का बयान लेने उनके घर गई तो सोनाक्षी नहीं मिल पाईं। घर पर मां पूनम सिन्हा और परिवार के अन्य लोगों से बात हुई। परिवार के लोगों ने विवेचक को बताया कि सोनाक्षी सिन्हा हैदराबाद में सलमान खान के साथ फिल्म की शूटिंग कर रही हैं। एक-दो दिन में वह समय निकालकर मुंबई आ सकती हैं। इसके बाद ही पुलिस उनके बयान ले पाएगी।

Related Articles

Back to top button