CM Yogi Birthday: हवन-यज्ञ, पौधारोपण और 54 किलो का लड्डू, यूपी भर में खास अंदाज में मनाया गया योगी आदित्यनाथ का जन्मदिन

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन पर गुरुवार को प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। उनके समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, हवन-यज्ञ, सुंदरकांड पाठ और पौधारोपण कर मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।
संभल में हवन-यज्ञ और हनुमान चालीसा का पाठ
संभल में सुदर्शन चक्र अखाड़ा ट्रस्ट की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन पर विशेष धार्मिक आयोजन किया गया। मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना के साथ हवन और यज्ञ का आयोजन हुआ तथा हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया गया।
इस दौरान ट्रस्ट के सदस्यों ने मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व की सराहना करते हुए उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि योगी आदित्यनाथ सनातन संस्कृति को मजबूती देने का कार्य कर रहे हैं।
प्रयागराज में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान
विश्व पर्यावरण दिवस और मुख्यमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर प्रयागराज के दारागंज स्थित दशाश्वमेध घाट पर समर्थकों ने विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। यहां मां गंगा की आरती के बाद ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया गया।
समर्थकों ने मुख्यमंत्री के बेहतर स्वास्थ्य और लंबी आयु के लिए प्रार्थना की और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
वाराणसी में 54 किलो के लड्डू का आयोजन
वाराणसी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन को अनोखे अंदाज में मनाया गया। 51 फीट ऊंचे वरद आंजनेय हनुमान मंदिर में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर 54 किलो का विशाल लड्डू तैयार किया गया।
आयोजकों ने बताया कि पिछले वर्ष 53 किलो का लड्डू बनाया गया था, जबकि इस बार मुख्यमंत्री की उम्र के अनुरूप 54 किलो का लड्डू तैयार किया गया। इसके साथ ही मंदिर परिसर में तुलसी, नीम, बरगद और सिंदूर के पौधे भी लगाए गए।
लखनऊ में सुंदरकांड पाठ और भंडारा
राजधानी लखनऊ के हजरतगंज स्थित दारुलशफा के शांति वरदानी मुरादी हनुमान मंदिर में भी मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। यहां सुंदरकांड पाठ, महायज्ञ और भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और समर्थकों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का आयोजन भाजपा के पूर्व एमएलसी यशवंत सिंह की ओर से कराया गया। श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उत्तम स्वास्थ्य और सफल नेतृत्व के लिए प्रार्थना की।
प्रदेशभर में दिखा उत्साह
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन के अवसर पर प्रदेश के कई जिलों में सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कहीं रक्तदान शिविर लगाए गए तो कहीं पौधारोपण और भंडारे का आयोजन हुआ। समर्थकों ने अपने-अपने तरीके से मुख्यमंत्री के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनकी लंबी उम्र और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



