AAP में बड़ी टूट: संजय सिंह का BJP पर ‘ऑपरेशन लोटस’ का आरोप, बागी सांसदों पर साधा निशाना

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) में बड़े राजनीतिक घटनाक्रम के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने राघव चड्ढा समेत सात सांसदों के पार्टी छोड़ने और बीजेपी में जाने के फैसले को “घटिया राजनीति” करार दिया।
संजय सिंह ने कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी का “ऑपरेशन लोटस” है और इसके जरिए विपक्षी दलों को कमजोर करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब चुनाव से पहले यह राजनीतिक खेल शुरू किया गया है।
उन्होंने कहा, “आज मन बहुत व्यथित है। अमित शाह से कहना चाहता हूं कि यह घिनौना खेल पंजाब की जनता कभी माफ नहीं करेगी।”
संजय सिंह ने आगे आरोप लगाया कि कुछ नेताओं पर केंद्रीय एजेंसियों का दबाव बनाया गया। उन्होंने अशोक मित्तल के घर पर ईडी की कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि डर दिखाकर नेताओं को तोड़ा गया है।
उन्होंने पंजाब की भगवंत मान सरकार का बचाव करते हुए कहा कि राज्य सरकार जनता के लिए काम कर रही है, लेकिन उसे अस्थिर करने की कोशिश हो रही है।
संजय सिंह ने बागी सांसदों पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन नेताओं को पार्टी और जनता ने आगे बढ़ाया, वही अब “पीठ में छुरा घोंपने” का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता इस कदम को कभी नहीं भूलेगी।
यह पूरा घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब आम आदमी पार्टी के कई राज्यसभा सांसदों ने पार्टी से अलग होकर भारतीय जनता पार्टी के साथ जाने का ऐलान किया है, जिससे देश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।



