Wednesday - 18 February 2026 - 9:52 AM

YouTube Down: भारत समेत कई देशों में ठप सर्विस, यूजर्स को दिखा ‘Something Went Wrong’

जुबिली स्पेशल डेस्क

दुनिया की सबसे बड़ी वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म YouTube बुधवार सुबह अचानक भारत सहित कई देशों में ठप हो गई। सुबह-सुबह सर्विस डाउन होने से लाखों यूजर्स को वीडियो देखने, अपलोड करने और सर्च करने में परेशानी का सामना करना पड़ा। ऐप और वेबसाइट खोलने पर स्क्रीन पर ‘Something Went Wrong’ का मैसेज दिखाई दे रहा है।

किन-किन देशों में असर?

भारत के अलावा अमेरिका, कनाडा, यूनाइटेड किंगडम, ब्राजील और जर्मनी जैसे देशों से भी बड़े पैमाने पर शिकायतें सामने आई हैं। आउटेज ट्रैकिंग वेबसाइट Downdetector के मुताबिक, अमेरिका में 2 लाख से ज्यादा रिपोर्ट दर्ज की गईं, जबकि वैश्विक स्तर पर यह आंकड़ा 10 लाख के पार पहुंच गया।

भारत में दिल्ली, मुंबई, पटना, बेंगलुरु और कोलकाता जैसे बड़े शहरों से सबसे ज्यादा शिकायतें मिलीं। कई यूजर्स ने बताया कि होमपेज लोड नहीं हो रहा, वीडियो प्ले करने पर एरर आ रहा है या ऐप क्रैश हो जा रही है। शॉर्ट्स और लाइव स्ट्रीमिंग सर्विस भी प्रभावित बताई जा रही है।

क्या अन्य सेवाएं भी प्रभावित?

कुछ यूजर्स ने Google, Amazon Web Services और Cloudflare से जुड़ी सेवाओं में भी दिक्कत की बात कही है। इसके अलावा YouTube TV पर भी करीब 10,000 आउटेज रिपोर्ट दर्ज की गईं, जिससे साफ है कि समस्या सिर्फ मुख्य प्लेटफॉर्म तक सीमित नहीं रही।

कंपनी का क्या कहना है?

TeamYouTube ने आधिकारिक बयान में आउटेज की पुष्टि करते हुए कहा कि वे समस्या की जांच कर रहे हैं। कंपनी के मुताबिक, “हम इस मुद्दे को देख रहे हैं। फिलहाल समाधान नहीं मिला है, लेकिन जैसे ही कोई अपडेट होगा, हम साझा करेंगे।” हालांकि, अब तक सर्विस ठप होने की सटीक वजह और बहाली की समय-सीमा स्पष्ट नहीं की गई है।

आखिर वजह क्या हो सकती है?

तकनीकी विशेषज्ञों का मानना है कि यह सर्वर-साइड गड़बड़ी या तकनीकी खामी हो सकती है। कुछ जानकारों ने साइबर अटैक की आशंका से भी इनकार नहीं किया है। चूंकि यूट्यूब की सेवाएं गूगल के क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर पर निर्भर हैं, इसलिए क्लाउड सर्वर में आई दिक्कत भी एक संभावित कारण हो सकता है।

फिलहाल यूजर्स अपडेट का इंतजार कर रहे हैं और कंपनी की ओर से आधिकारिक जानकारी का इंतजार जारी है।

Radio_Prabhat
English

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com