15.2 ओवर में 208 रन का पीछा, भारत ने बनाया T20 क्रिकेट का वर्ल्ड रिकॉर्ड

जुबिली स्पेशल डेस्क
भारत ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराकर दूसरा टी20 मुकाबला अपने नाम कर लिया है। इसके साथ ही टीम इंडिया ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। रायपुर में खेले गए इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 208 रन बनाए थे।
जवाब में भारतीय टीम ने महज़ 15.2 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और टी20 क्रिकेट इतिहास में एक नया रिकॉर्ड दर्ज कर दिया। भारत अब अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में 200 या उससे अधिक रन के लक्ष्य को सबसे तेज़ी से हासिल करने वाली टीम बन गई है।
कप्तान सूर्यकुमार यादव की धमाकेदार पारी
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव के लिए यह मुकाबला खास रहा। उन्होंने 24 पारियों के बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अर्धशतक जड़ा। सूर्यकुमार ने 37 गेंदों में नाबाद 82 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 4 छक्के शामिल रहे।
इससे पहले सूर्यकुमार यादव ने अक्टूबर 2024 में बांग्लादेश के खिलाफ अर्धशतक लगाया था, जब उन्होंने 75 रन बनाए थे। लंबे समय बाद आई इस फिफ्टी ने उनके आत्मविश्वास को भी मजबूती दी है।
टीम इंडिया ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
भारत ने यह मुकाबला 28 गेंद शेष रहते जीत लिया। इसके साथ ही टीम इंडिया ने अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में 200 से अधिक रन के लक्ष्य का सबसे तेज़ सफल पीछा करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
इससे पहले यह रिकॉर्ड पाकिस्तान के नाम था, जिसने 24 गेंद शेष रहते न्यूजीलैंड के खिलाफ 200+ रन का लक्ष्य हासिल किया था। अब भारत इस सूची में शीर्ष पर पहुंच गया है।



