बिहार चुनाव 2025: तेजस्वी यादव का बड़ा वादा, सरकार बनने पर हर महिला को मिलेंगे…

जुबिली न्यूज डेस्क
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन है। आज शाम 6 बजे चुनाव प्रचार थम जाएगा। पहले चरण के मतदान से पहले आरजेडी (RJD) नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने जनता से कई बड़े वादे किए हैं।

महिलाओं के खाते में ₹30,000 देने का वादा
तेजस्वी यादव ने कहा कि ‘माई बहिन योजना’ के तहत राज्य की महिलाओं को हर महीने ₹2,500 दिए जाएंगे। उन्होंने घोषणा की कि सरकार बनने के बाद 14 जनवरी को हर महिला के खाते में पूरे एक साल का पैसा — यानी ₹30,000 — एक साथ भेजा जाएगा।
तेजस्वी ने कहा, “हमारी सरकार बनने पर महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त किया जाएगा। जीविका दीदी और कम्युनिटी मोबिलाइज़र को स्थायी किया जाएगा और उन्हें हर महीने ₹2,000 मानदेय मिलेगा।”
सरकारी कर्मचारियों और किसानों के लिए राहत
आरजेडी नेता ने आगे कहा कि उनकी सरकार आने पर ओल्ड पेंशन स्कीम (Old Pension Scheme) लागू की जाएगी। साथ ही, सरकारी कर्मचारियों की पोस्टिंग उनके गृह जिले से 70 किलोमीटर के दायरे में की जाएगी।
किसानों के लिए भी तेजस्वी यादव ने बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए फ्री बिजली दी जाएगी। वर्तमान सरकार किसानों से 55 पैसे प्रति यूनिट वसूलती है, लेकिन नई सरकार में यह दर शून्य (Zero) कर दी जाएगी।
तेजस्वी ने यह भी कहा कि धान पर MSP के अलावा ₹300 प्रति क्विंटल और गेहूं पर ₹400 प्रति क्विंटल अतिरिक्त बोनस दिया जाएगा। साथ ही, पैक्स प्रतिनिधियों को जनप्रतिनिधि का दर्जा और पैक्स अध्यक्षों को मानदेय भी दिया जाएगा।
जनता के मूड में बदलाव का दावा
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार की जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा, “हम पूरे बिहार में प्रचार कर रहे हैं। जनता 20 साल से सत्ता में बैठी सरकार को इस बार उखाड़ फेंकेगी।”
ये भी पढ़ें-‘खजुराहो डायरी’: खजुराहो की गलियों से दिलों तक…पाठकों के दिल में बसती कहानी…
आज शाम 6 बजे थम जाएगा प्रचार
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को होगा। चुनाव प्रचार आज शाम 6 बजे थम जाएगा। इससे पहले महागठबंधन ने ‘तेजस्वी प्रण’ घोषणा पत्र जारी किया था, जिसमें हर घर में एक सरकारी नौकरी देने का वादा किया गया था।



