‘वादा था राम राज का, दे दिया गुंडाराज’

जुबिली न्यूज डेस्क

गाजियाबाद के पत्रकार विक्रम जोशी की हत्या के मामले में योगी सरकार घिरती नजर आ रही है। विपक्षी दल के नेता उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।

पत्रकार की हत्या पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के अलावा पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी घटना की निंदा करते हुए यूपी सरकार को घेरा है।

ये भी पढ़े: न्यूजीलैंड : महिला स्टाफ मेंबर से प्रेम संबंध रखना मंत्री को पड़ा महंगा

ये भी पढ़े:  गुजरात में कोरोना के डबल रोल का क्या है मामला?

ये भी पढ़े: बिहार : कोरोना महामारी के बीच बाढ़ ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें

बीते सोमवार को यूपी के गाजियाबाद में पत्रकार विक्रम जोशी को कुछ लोगों ने सिर में गोली मार दी थी। बुधवार की सुबह उनकी मौत हो गई। विक्रम पर हुए जानलेवा हमले की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी।

गाजियाबाद पुलिस ने इस मामले में नौ लोगों को गिरफ्तार किया है, इस मामले को लेकर उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठ रहे हैं।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बीजेपी पर हमला करते हुए अपने ट्वीट में लिखा है- “अपनी भांजी के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर पत्रकार विक्रम जोशी की हत्या कर दी गई। शोकग्रस्त परिवार को मेरी सांत्वना। वादा था राम राज का, दे दिया गुंडाराज।”

वहीं इस मामले में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी बीजेपी पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा है- “विक्रम जोशी के परिजनों को मेरी हार्दिक श्रद्धांजलि। एक साहसिक पत्रकार की आज मौत हो गई। अपनी भांजी के साथ छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ एफआईआर करने की वजह से उन्हें गोली मार दी गई। देश में भय का माहौल पैदा किया जा रहा है। आवाज दबाई जा रही है और मीडिया को भी नहीं छोड़ा जा रहा है। खौफनाक।”

वहीं इस मामले को लेकर एक दिन पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी ट्वीट करके यूपी में कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाया था।

प्रियंका ने लिखा था- “गाजियाबाद NCR  में है। यहां क़ानून-व्यवस्था का ये आलम है तो आप पूरे यूपी में कानून व्यवस्था के हाल का अंदाजा लगा लीजिए। एक पत्रकार को इसलिए गोली मार दी गई क्योंकि उन्होंने भांजी के साथ छेड़छाड़ की तहरीर पुलिस में दी थी। इस जंगलराज में कोई भी आमजन ख़ुद को कैसे सुरक्षित महसूस करेगा?”

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इस मामले को लेकर सवाल किया है। उन्होंने कहा कि ‘ग़ाजयि़ाबाद में अपनी बेटी के साथ बाइक पर जा रहे एक पत्रकार को गोली मारने से प्रदेश की जनता सकते में हैं। भाजपा सरकार स्पष्ट करे कि कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ानेवाले इन अपराधियों-बदमाशों के हौसले किसके बलबूते पर फल-फूल रहे हैं’।

दूसरी ओर गाजियाबाद के डीएम अजय शंकर पांडे ने बताया है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विक्रम जोशी के परिवार को 10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता और पत्नी को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की है।

क्या हुआ था सोमवार की रात को

गाजियाबाद के विजयनगर इलाके में सोमवार की रात पत्रकार विक्रम जोशी पर जानलेवा हमला किया गया था। सीसीटीवी फ़ुटेज में साफ दिख रहा है कि कई लोग विक्रम जोशी को पीट रहे हैं। इसी दौरान एक व्यक्ति उन्हें सिर पर गोली मार देता है।

गोली लगने के बाद विक्रम जोशी जमीन पर गिर जाते हैं और हमलावर भाग जाते हैं। विक्रम जोशी पर हमला उस समय हुआ, जब वे अपनी बहन के यहां मोटरसाइकिल पर जा रहे थे। उनके साथ उनकी दो नाबालिग बेटियां भी थी।

इसके बाद विक्रम जोशी को गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन बुधवार सुबह उनकी मौत हो गई।

विक्रम जोशी के भांजे का कहना है कि कुछ लड़के उनकी बहन को छेड़ते थे और उनके मामा विक्रम जोशी पर इन्हीं लोगों ने हमला किया है। विक्रम जोशी ने कुछ दिनों पहले इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में कोई भी कार्रवाई नहीं की गई।

ये भी पढ़े:  जेफ बेजोस ने एक दिन में कैसे कमाए 13 अरब डॉलर?

ये भी पढ़े:  चीन बांग्लादेश में करेगा कोरोना वैक्सीन के तीसरे चरण का ट्रायल

Related Articles

Back to top button