आर्थिक मोर्चे पर मोदी सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस ने बनाया खास प्ला‍न

न्‍यूज डेस्‍क

गिरती अर्थव्यवस्था और बदहाल बाजार को देखकर अब चारों ओर से चिंता जताई जा रही है। मोदी सरकार के मंत्री फिल्‍म उद्योग से मंदी की तुलना करके अपनी फजीहत करा रहे हैं। जनता बेहाल हैं, बडे-बडे उद्योगपति अपने उद्योगधंधे बंद करने पर मजबूर हैं और कई बड़ी कंपनियां छटनी कर रही है, इससे बेरोजगारी भी बढ़ रही है।

कांग्रेस समेत सभी विपक्षी दल मोदी सरकार को आर्थिक मोर्चे पर घेर रहे हैं। ऐसे मौके को बुनाने के लिए और मोदी सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस की अध्‍यक्ष सोनिया गांधी ने खास प्‍लान बनाया है।

कांग्रेस पार्टी ने खराब अर्थव्यवस्था और आर्थिक मंदी पर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है। दरअसल, महाराष्ट्र और हरियाणा में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं। इन चुनावों सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी जहां कश्मीर से हटाई गई धारा 370 को प्रमुख मुद्दे के तौर पर पेश कर रही है।

वहीं कांग्रेस ने अर्थव्‍यवस्‍था पर बैकफुट पर दिख रही मोदी सरकार के खिलाफ मंदी को अपना हथियार बनाया है और इस मोर्चे पर मोदी सरकार को फेल बताकर जनता से समर्थन मांग रही है।

इस क्रम में अब कांग्रेस ने सरकार की नीतियों का विरोध करने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री व अर्थशास्त्री मनमोहन सिंह को आगे करने का फैसला किया है। मनमोहन सिंह गुरुवार को मुंबई में एक कार्यक्रम को संबोधित करेंगे. यह कार्यक्रम मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम के गरवारे क्लब में रखा गया है.

न्यूज एजेंसी आईएएनएस ने लिखा है कि पूर्व प्रधानमंत्री एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करेंगे और राज्य के प्रमुख व्यक्तियों से मुलाकात करेंगे। सूची को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सभी क्षेत्रों के महत्वपूर्ण व्यक्तियों को मनमोहन सिंह से मुलाकात के लिए आमंत्रित किया गया है।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी अपनी चुनावी रैलियों में भी इकोनॉमी के सवाल ही उठा रहे हैं। साथ ही वो जनता को यह भी बता रहे हैं कि रोजगार और आर्थिक स्थिति से देश की जनता का ध्यान भटकाने के लिए बीजेपी और मोदी सरकार चंद्रयान और धारा 370 जैसे विषयों को आगे रख रही है।

राहुल समेत कांग्रेस और उनके सहयोगी दल मोदी सरकार को मुख्य तौर पर इकोनॉमी के मुद्दे पर ही घेर रहे हैं। दरअसल, इसकी बड़ी वजह ये भी है कि भारत की अर्थव्यवस्था में लगातार नकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहे हैं।

दुनिया की बड़ी एजेंसियां भी भारत की इकोनॉमी को लेकर सकारात्मक संदेश नहीं दे रही हैं। दूसरी तरफ नौकरियों का संकट भी देखने को मिल रहा है। लिहाजा, तीन तलाक और 370 जैसे मुद्दों पर आक्रामक नजर आ रही बीजेपी को घेरने के लिए कांग्रेस और विपक्ष आर्थिक मोर्चे पर ही बीजेपी को घेर रही है। इसी कड़ी में मनमोहन सिंह का कार्यक्रम देश की आर्थिक राजधानी कही जाने वाली मुंबई में रखा गया है।

 

Related Articles

Back to top button