Golf Record: लखनऊ के शिखर सिंह का अद्भुत कारनामा, द पाल्म्स क्लब में तीसरी बार ‘होल-इन-वन’ कर बनाया महा-रिकॉर्ड

जुबिली स्पेशल डेस्क
लखनऊ। गोल्फ की दुनिया में जिस उपलब्धि का सपना अधिकांश खिलाड़ी अपने पूरे जीवन में भी पूरा नहीं कर पाते, उसे द पाल्म्स गोल्फ क्लब के प्रतिभाशाली गोल्फर शिखर सिंह ने तीसरी बार हासिल कर अपनी असाधारण प्रतिभा का परिचय दिया है।
6 जून 2026 को द पाल्म्स गोल्फ क्लब के चुनौतीपूर्ण होल नंबर 6 पर शिखर सिंह ने शानदार शॉट लगाकर अपना तीसरा होल-इन-वन दर्ज किया। इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी श्री अशीथ अस्थाना, श्री वीरेंद्र श्रीवास्तव एवं श्री आर.पी. शाही रहे, जिन्होंने इस अविश्वसनीय शॉट को अपनी आंखों से देखा।
विशेष बात यह है कि शिखर सिंह का यह तीसरा होल-इन-वन है, जो उनकी निरंतरता, तकनीकी दक्षता और खेल पर अद्वितीय नियंत्रण को दर्शाता है।
उनका पहला होल-इन-वन 24 जनवरी 2025 को होल नंबर 4 पर हुआ था। उस समय उनके साथ श्री एस.के. सिंह, श्री शिवसागर सिंह एवं श्री वीरेंद्र श्रीवास्तव मौजूद थे। इस शानदार उपलब्धि के लिए उन्होंने 7 आयरन का प्रयोग किया था।
दूसरा होल-इन-वन 22 मार्च 2026 को होल नंबर 3 पर आया, जहां उनके साथ श्रीकृष्ण शुक्ला, हरिनाथ जायसवाल एवं श्री वर्तुल श्रीवास्तव खेल रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने 8 आयरन से सटीक शॉट लगाकर गेंद को सीधे कप में पहुंचा दिया।
और अब तीसरी बार, 5 आयरन के साथ होल नंबर 6 पर यह करिश्मा दोहराकर शिखर सिंह ने स्वयं को द पाल्म्स गोल्फ क्लब के सबसे सफल और चर्चित गोल्फरों में शामिल कर लिया है।
गोल्फ विशेषज्ञों के अनुसार, एक होल-इन-वन अपने आप में दुर्लभ उपलब्धि है, जबकि तीन बार यह कारनामा कर दिखाना किसी खिलाड़ी की उच्च स्तरीय एकाग्रता, तकनीकी उत्कृष्टता और असाधारण खेल कौशल का प्रमाण माना जाता है। दुनिया के अनेक अनुभवी गोल्फर भी अपने पूरे करियर में एक भी होल-इन-वन दर्ज नहीं कर पाते।
द पाल्म्स गोल्फ क्लब में लगातार तीन होल-इन-वन दर्ज कर शिखर सिंह ने न केवल क्लब का गौरव बढ़ाया है, बल्कि युवा गोल्फरों के लिए भी प्रेरणा का एक नया मानक स्थापित किया है। क्लब के सदस्यों के बीच उन्हें अब प्यार से “द ऐस मैन ऑफ द पाल्म्स” कहा जाने लगा है। शिखर सिंह की यह उपलब्धि आने वाले वर्षों तक द पाल्म्स गोल्फ क्लब के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज रहेगी।



