अर्जुन तेंदुलकर की IPL 2025 में LSG के लिए खेलने की बढ़ी संभावना

जुबिली स्पेशल डेस्क
इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के लिए रिटेंशन लिस्ट जमा करने की आख़िरी तारीख 15 नवंबर है। इससे पहले फ्रेंचाइज़ियों के अंदर कई अहम बदलावों की चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में एक बड़ा अपडेट सामने आया है जो मुंबई इंडियंस और अर्जुन तेंदुलकर से जुड़ा हुआ है।
सूत्रों के अनुसार, मुंबई इंडियंस अर्जुन तेंदुलकर को रिलीज करने या ट्रेड करने पर गंभीरता से विचार कर रही है। पिछले सीज़न के मेगा ऑक्शन में MI ने अर्जुन को उनके बेस प्राइस पर खरीदा था, लेकिन पूरे सीजन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच अर्जुन तेंदुलकर और शार्दुल ठाकुर को लेकर ट्रेड की बातचीत चल रही है।
बताया जा रहा है कि दोनों टीमें खिलाड़ियों की अदला-बदली करने के विकल्प पर विचार कर रही हैं। कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि यह संभावित सौदा कैश-आधारित ट्रांसफर भी हो सकता है।

ट्रेड की आधिकारिक घोषणा सिर्फ BCCI कर सकता है
आईपीएल ट्रेड नियमों के अनुसार, किसी भी खिलाड़ी के ट्रांसफर की आधिकारिक पुष्टि सिर्फ BCCI ही कर सकता है। यही वजह है कि फिलहाल मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स दोनों ही इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए हैं।
शार्दुल ठाकुर और अर्जुन तेंदुलकर को लेकर MI और LSG के बीच बातचीत आगे बढ़ चुकी है और ट्रेड को लेकर अगले कुछ दिनों में कोई आधिकारिक घोषणा संभव है।
शार्दुल ठाकुर का हालिया आईपीएल प्रदर्शन
आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में अनसोल्ड रहने के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स ने शार्दुल ठाकुर को रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के रूप में 2 करोड़ रुपये में शामिल किया था।
टीम में जगह मिलने के बाद शार्दुल ने गेंद से प्रभावशाली प्रदर्शन किया और 10 मैचों में कुल 13 विकेट अपने नाम किए। हालांकि, बल्लेबाज़ी से वे इस सीजन कोई बड़ा प्रदर्शन नहीं कर पाए, जबकि आमतौर पर वे लोअर ऑर्डर में तेज रन बनाने के लिए जाने जाते हैं।
अर्जुन तेंदुलकर का आईपीएल रिकॉर्ड
अर्जुन तेंदुलकर की बात करें तो 2025 सीज़न में उन्हें एक भी मुकाबले में खेलने का मौका नहीं मिला। मुंबई इंडियंस से उनका जुड़ाव 2023 से है, लेकिन अब तक वह लगातार प्रभाव डालने में सफल नहीं हो सके हैं। 2023 में अर्जुन ने 4 मैचों में कुल 3 विकेट लिए थे, जबकि 2024 सीज़न में उन्हें केवल 1 मैच खेलने का अवसर मिला, जिसमें वह विकेट हासिल नहीं कर पाए।
