UP Weather Update: भीषण गर्मी पर लगेगा ब्रेक! 20 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में जून की शुरुआत के साथ बढ़ रही गर्मी के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 4 जून से प्रदेश में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके प्रभाव से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के करीब 20 जिलों में आंधी, गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना है। इसके साथ ही कुछ जिलों में तेज हवाओं को लेकर ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के अनुसार सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत और मेरठ में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
12 जिलों में येलो अलर्ट
वहीं गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद और संभल समेत आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
लगातार बढ़ रहा है तापमान
प्रदेश में पिछले दो दिनों से तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। बुधवार को करीब 10 जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया।
- बस्ती: 42.0°C
- फतेहपुर: 41.6°C
- लखीमपुर खीरी: 41.0°C
- झांसी: 40.6°C
- वाराणसी: 40.5°C
- प्रयागराज: 40.5°C
बस्ती प्रदेश का सबसे गर्म जिला दर्ज किया गया।
पांच और छह जून को पूर्वी यूपी तक पहुंचेगा असर
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, यह पश्चिमी विक्षोभ अपेक्षाकृत कमजोर है, लेकिन इसके प्रभाव से गुरुवार को पश्चिमी यूपी में मौसम बदल सकता है। वहीं 5 और 6 जून को इसका असर मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश तक पहुंचने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि इन क्षेत्रों में भी तेज हवाएं, गरज-चमक और कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि फिलहाल तापमान में बड़ी गिरावट के संकेत नहीं हैं।
जून में नहीं पड़ेगी भीषण गर्मी?
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि जून के पहले सप्ताह में पश्चिमी विक्षोभों की सक्रियता के चलते प्रदेश में लू जैसी स्थिति बनने की संभावना कम है। बीच-बीच में आंधी और हल्की बारिश से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है, हालांकि उमस बनी रह सकती है।



