मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर बीजेपी का विशेष जनसंपर्क अभियान

केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार अगले सप्ताह अपने 12 वर्ष पूरे करने जा रही है। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) देशभर में एक विशेष जनसंपर्क अभियान चलाने की तैयारी में है। अभियान की थीम और टैगलाइन “12 साल: विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” रखी गई है।
5 जून से 21 जून तक चलेगा अभियान
जानकारी के अनुसार, यह अभियान 5 जून से 21 जून 2026 तक पूरे देश में चलाया जाएगा। इस दौरान पार्टी विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करेगी और केंद्र सरकार के 12 साल के कार्यकाल की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा।
बीजेपी नेता गांव-गांव जाकर सरकार की योजनाओं और नीतियों की जानकारी देंगे। इसके लिए विशेष रूप से तैयार की गई पांच बुकलेटों का इस्तेमाल किया जाएगा।
पांच बुकलेट में सरकार की उपलब्धियों का लेखा-जोखा
पार्टी की ओर से जारी की जाने वाली बुकलेट्स को हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू सहित कई भारतीय भाषाओं में प्रकाशित किया जाएगा। इन बुकलेट्स में सरकार की उपलब्धियों को अलग-अलग थीम के तहत प्रस्तुत किया गया है—
पहली बुकलेट “राष्ट्र प्रथम” में राष्ट्रीय हित में लिए गए बड़े फैसलों और नीतियों का विवरण होगा।
दूसरी बुकलेट “राष्ट्र सशक्तिकरण” में रक्षा क्षेत्र, सैन्य शक्ति और ऑपरेशन सिंदूर व सर्जिकल स्ट्राइक जैसे अभियानों का उल्लेख होगा।
तीसरी बुकलेट “जनसेवा का संकल्प” में जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न वर्गों के लिए किए गए कार्यों को शामिल किया गया है।
चौथी बुकलेट “सशक्तिकरण से समृद्धि तक” में महिलाओं के सशक्तिकरण और स्वावलंबन से जुड़े प्रयासों का विवरण होगा।
पांचवीं बुकलेट “विरासत भी विकास भी” में सांस्कृतिक धरोहर और आधुनिक विकास के बीच संतुलन को दर्शाया जाएगा।
इसके अलावा “राष्ट्र निर्माण” नामक बुकलेट में बुनियादी ढांचे (इंफ्रास्ट्रक्चर) के विकास कार्यों का विस्तार से उल्लेख किया गया है।
जनसंपर्क और जनकल्याण कार्यक्रमों पर जोर
इस अभियान के तहत 8 से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क कार्यक्रम चलाए जाएंगे। इस दौरान जनप्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता लोगों से संवाद करेंगे और सरकार की योजनाओं की जानकारी देंगे।
इसके साथ ही वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, प्रगति यात्रा और “विकसित भारत संकल्प सम्मेलन” जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। पार्टी का लक्ष्य है कि प्रत्येक जिले में कम से कम 500 प्रमुख लोगों तक पहुंच बनाई जाए।
जनकल्याण शिविर और योग दिवस आयोजन
12 से 20 जून के बीच देशभर में जनकल्याण शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें आयुष्मान भारत, पीएम स्वनिधि और पीएम सूर्य घर जैसी योजनाओं के लिए पात्र लोगों का पंजीकरण किया जाएगा।
इसके अलावा 5 जून को पर्यावरण दिवस पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान और 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मंडल स्तर पर योग कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
बीजेपी का कहना है कि यह अभियान सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ “विकसित भारत” के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा।



