एशियन पुरुष जूनियर हैंडबॉल चैंपियनशिप में भारत की कितनी है जीत की संभावना

  • बुलंद हौसले के साथ भारतीय पुरुष जूनियर हैंडबॉल टीम बहरीन पहुंची
  • बहरीन में 15 से 24 जुलाई तक होगी 17वीं एशियन पुरुष जूनियर हैंडबॉल चैंपियनशिप
  • डा.आनन्देश्वर पाण्डेय होंगे भारतीय टीम के दल प्रमुख
  • भारतीय टीम में उत्तर प्रदेश के हर्ष चौधरी व सौरभ सिंह चयनित

लखनऊ। बहरीन में होने वाली 17वीं एशियन पुरुष जूनियर हैंडबॉल चैंपियनशिप के लिए चयनित भारतीय पुरुष जूनियर हैंडबॉल टीम नई दिल्ली से शुक्रवार सुबह रवानगी के बाद बहरीन पहुंच गई। इस चैंपियनशिप के लिए भारत की 18 सदस्यीय टीम का चयन किया गया है।

हैंडबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष ए.जगनमोहन राव ने बताया कि बहरीन में 15 से 24 जुलाई तक 17वीं एशियन पुरुष जूनियर हैंडबॉल चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। चैंपियनशिप में प्रतिभाग करने के लिए भारतीय टीम 15 जुलाई को सुबह रवाना हुई थी। उन्होंने बताया कि इस चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम के दल प्रमुख डा.आनन्देश्वर पाण्डेय और मुख्य कोच हसन इमाम होंगे। उन्होंने भारतीय टीम को चैंपियनशिप में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए शुभकामना दी।

हैंडबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के कार्यकारी निदेशक डा.आनन्देश्वर पाण्डेय ने बताया कि अंतर्राष्टीय हैंडबॉल सर्किट पर भारत के प्रदर्शन में निरंतर निखार आ रहा है। मुझे विश्वास है कि इस चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ी अपने प्रदर्शन की छाप छोड़ने में सफल होंगे। भारतीय पुरुष जूनियर हैंडबॉल टीम में उत्तर प्रदेश के सौरभ सिंह व हर्ष चौधरी का भी चयन किया गया है।

भारतीय पुरुष जूनियर हैंडबॉल टीम:-
ऋत्विक कोमारवल्ली, सुभाष चंद्रा (तेलंगाना), वरुण शर्मा (जम्मू-कश्मीर), सौरभ सिंह, हर्ष चौधरी (उत्तर प्रदेश), अधिराज भंवर रॉलॉट, लक्ष्य राज सिंह, पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ (राजस्थान), वंश ठकरान (साई), अरुणाचलम रजनीकांत (पांडिचेरी), आरव सिंह चौहान (हिमाचल प्रदेश), सहदेव, अनुज श्योकंद (हरियाणा), हरप्रीत सिंह रंधावा, नीलेश प्रणव भागवत (महाराष्ट्र), कुशल मंडल (पश्चिम बंगाल), गडी लिंगप्पा वल्लेकादि (आंध प्रदेश), मोहित (नई दिल्ली)।

टीम आफिशियल:-
मुख्य कोच : हसन इमाम, कोच : कासिम साहेब दुदेकुला, वेंकटेश कीर्ति
दल प्रमुख : डा.आनन्देश्वर पाण्डेय।

Related Articles

Back to top button