UP: समाजवादी पार्टी से विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष का दर्जा छिना

जुबिली स्पेशल डेस्क
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद में अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी को तगड़ा झटका लगने की बात सामने आ रही है।
दरअसल विधान परिषद में सपा की नेता प्रतिपक्ष को लेकर बड़ी जानकारी सामने आ रही है कि विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष की मान्यता खत्म हो गई है।
इसका सबसे बड़ा कारण है कि विधान परिषद में समाजवादी पार्टी के 9 सदस्य रह गए हैं। बता दें कि 100 सदस्यों वाली विधान परिषद में 10 फीसदी से अधिक सदस्य रहने पर नेता प्रतिपक्ष पद दिया जाता है।

ऐसे में सपा के पास अब केवल नौ सदस्य है। इस वजह से उनकी विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष की मान्यता खत्म हो गई है।
उत्तर प्रदेश में 6 जुलाई को विधान परिषद के 12 सदस्यों का कामकाज खत्म हो रहा है। इसमें छह समाजवादी पार्टी के थे। इसके अलावा तीन बहुजन समाज पार्टी, दो भारतीय जनता पार्टी और एक कांग्रेस का सदस्य था। कुल मिलाकर देखा जाय तो समाजवादी पार्टी के लिए ये बड़ा झटका है।



