कॉमनवेल्थ गेम्स में छा गए UP के विजय कुमार,जूडो में कांस्य पदक जीत लहराया तिरंगा

जुबिली स्पेशल डेस्क

उत्तर प्रदेश के वाराणसी के छोरे विजय कुमार यादव ने आज कॉमनवेल्थ गेम्स में जूडो में पुरुष 60 किलो वर्ग में कांस्य पदक दिलाया जो इन खेलों में भारत का आठवां पदक है। इसी के साथ सुशीला देवी लिकाबम को महिला जूडो के 48 किग्रा वर्ग में रजत पदक मिला।

विजय कुमार यादव ने यह सफलता रेपचेज मुकाबला जीतने के बाद एक अन्य मुकाबलें में जीत से हासिल की। विजय कुमार यादव ने स्कॉटलैंड के डिलन मुनरो के खिलाफ रेपचेज मुकाबला जीता और फिर कांस्य पदक का मुकाबला खेला और साइप्रस के पेट्रोस क्रिसटोडूलाइड्स को एकतरफा 10-0 से हराया। विजय कुमार यादव ने प्रतिद्वंद्वी की गलती का पूरा लाभ उठाया और महज 58 सेकंड में जीत हासिल की।उन्हें क्वार्टर फाइनल में आस्ट्रेलिया के जोशुआ काज ने हराया था।

पुरुषों के 60 किलो रेपेशाज में यादव ने स्कॉटलैंड के डिनलान मुनरो को हराकर कांस्य पदक के मुकाबले में जगह बनाई थी । यादव को क्वार्टर फाइनल में आस्ट्रेलिया के जोशुआ काज ने मात दी थी। विजय कुमार यादव की इस ऐतिहासिक सफलता के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें ट्वीट करके बधाई दी।

विजय से पहले भारत की सुशीला देवी लिकाबम ने राष्ट्रमंडल खेलों की जूडो स्पर्धा के महिला 48 किग्रा वर्ग में रजत पदक अपने नाम किया। उन्हें फाइनल में दक्षिण अफ्रीका की मिशेला वाइटबूइ ने शिकस्त दी। ये वेटलिफ्टिंग के अलावा भारत का पहला और कुल 7वां मेडल है। फाइनल में सुशीला को बेहद करीबी मुकाबले में हार मिली थी।

उन्हेंं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बधाई दी। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा कि “विजय कुमार यादव ने राष्ट्रमंडल खेलों में जूडो में कांस्य पदक जीता है और देश को गौरवान्वित किया है। उनकी सफलता भारत में खेलों के भविष्य के लिए शुभ संकेत है। वह आने वाले समय में सफलता की नई ऊंचाइयों को छूते रहें।”

 

उत्तर प्रदेश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार लक्ष्मण अवार्ड से सम्मानित जूडोका विजय कुमार यादव पूर्व में भी कई अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट्स में भारत के लिए कई स्वर्ण व कांस्य पदक जीत चुके हैं। हालांकि कॉमनवेल्थ गेम्स में ये उनका पहला पदक है और इन खेलों में वो पहली बार खेले हे। इसी के साथ विजय कुमार यादव को उम्मीद है कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए घोषित नौकरियों में वो एक अधिकारी बन सकते हैं।

हालांकि विजय कुमार यादव वाराणसी के रहने वाले है लेकिन उन्होंने लखनऊ में भी साई सेंटर में काफी समय रहकर अभ्यास किया है और उन्होंने यूपी जूडो एसोसिएशन के सीईओ मुनव्वर अंज़ार के मार्गदर्शन में उच्चस्तरीय ट्रेनिंग भी हासिल की। विजय कुमार यादव भोपाल में नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में ट्रेनिंग कर रहे है।

इस सफलता पर यूपी जूडो एसोसिएशन के सीईओ मुनव्वर अंज़ार ने खुशी जताते हुए कहा कि विजय कुमार यादव को कड़ी टक्कर के बाद यह सफलता  मिली।

उन्होंने न सिर्फ देश बल्कि उत्तर प्रदेश का भी गौरव बढ़ाया है। उसे पूरा विश्वास था कि वो इन खेलों में पदक जरुर जीतेगा।  मुझे उम्मीद है कि विजय अब ओलंपिक में भी जूडो में देश का परचम लहराएगा। इसके साथ ही यूपी जूडो एसोसिएशन की महासचिव श्रीमती आयषा मुनव्वर ने भी विजय यादव को बधाई दी।

विजय कुमार यादव की उपलब्धियां
  • सैफ गेम्स 2019 : स्वर्ण पदक
  • एशिया ओपन चैंपियनशिप हांगकांग-2019 : कांस्य पदक
  • राष्ट्रमंडल जूडो चैंपियनशिप, इंग्लैंड- 2019 : स्वर्ण पदक
  • ग्रैंड पिक्स वर्ल्ड जूडो टूर, इजराइल- 2020 प्रतिभाग
  • ग्रैंड स्लैम पेरिस-2020 : प्रतिभाग
  • ग्रैंड स्लैम जर्मनी-2020 में प्रतिभाग
  • ओसाका ग्रैंड स्लैम-2019 : प्रतिभाग
  • अबू धाबी ग्रैंड स्लैम-2019 : प्रतिभाग
  • विश्व जूडो चैंपियनशिप, टोक्यो 2019 : प्रतिभाग
  • बुडापेस्ट ग्रांड प्रिक्स : प्रतिभाग
  • एशियाई ओपन जूडो चैंपियनशिप-2018 : कांस्य पदक
  • राष्ट्रमंडल जूडो चैंपियनशिप, भारत-2019 : स्वर्ण पदक

Related Articles

Back to top button