आदिवासी महिला बनेंगी महामहिम, PM मोदी बोले-भारत ने रचा इतिहास, देखें किसने क्या कहा?

जुबिली स्पेशल डेस्क

राष्ट्रपति चुनाव में जीत की तस्वीर साफ हो गई है। यह तय हो चुका है कि द्रौपदी मुर्मू अगले 25 जुलाई को देश के नए राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगी। विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने इस लड़ाई को पूरी मजबूती और मुद्दों के साथ लड़ा लेकिन वोटों के मामले में वह आखिरकार पिछड़ गए।

द्रौपदी मुर्मू देश की अगली राष्ट्रपति होंगी। आज सुबह शुरू हुई मतगणना के नतीजे आ गए हैं। जिसमें उन्हें बड़ी जीत हासिल हुई है। विपक्षी उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के मुकाबले उन्हें दो तिहाई के करीब वोट मिले हैं।

देश के पहले आदिवासी नेता के तौर पर राष्ट्रपति बनने के बाद द्रौपदी मुर्मू को बधाई देने वालों का तांता शुरू हो गया है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने घर पहुंचकर उन्हें बधाई दी। पीएम मोदी ने भी मुर्मू के घर पहुंचकर उन्हें बधाई दी। पीएम ने कहा कि देश ने इतिहास रचा है।

प्रधानमंत्री ने आगे लिखा, ‘श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी का जीवन और उनका संघर्ष, उनकी सेवा भावना सभी भारतीयों के लिए प्रेरणा है। वह भारत के लोगों के लिए उम्मीद की नई किरण हैं। खासकर गरीबों और वंचितों के लिए वह प्रेरणा हैं। वह एक अच्छी विधायक और मंत्री रही हैं। वहीं झारखंड की राज्यपाल के तौर पर उनका कार्यकाल बहुत अच्छा रहा। मुझे पूरा भरोसा है कि वह बहुत शानदार राष्ट्रपति भी होंगी जो कि देश की विकास यात्रा को आगे बढ़ाएंगी।’

प्रधानमंत्री नोदी ने कहा, मैं उन सभी सांसदों और विधायकों को भी धन्यवाद देता हूं जिन्होंने श्रीमती मुर्मू का समर्थन किया। उनकी बड़ी जीत लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत है। वहीं यशवंत सिन्हा ने ट्वीट कर कहा था, मैं देश की नई राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बधाई देता हूं। उम्मीद है कि वह बिना किसी भय और पक्षपात के संविधान की संरक्षक के रूप में कार्य करेंगी।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि  भारत के मा. राष्ट्रपति पद हेतु NDA की प्रत्याशी श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को विराट और ऐतिहासिक विजय की हार्दिक बधाई। आपकी विजय ‘नए भारत’ के सर्वसमावेशी व सर्वस्पर्शी स्वरूप के प्रति अपार जन-विश्वास और ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ भाव की जीवंत तस्वीर है। भारत माता की जय।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, मैं देश की माननीय नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बधाई देती हूं। एक राष्ट्र की मुखिया के तौर पर देश को आपसे उम्मीद है कि आप संविधान के आदर्शों की रक्षा करेंगी और लोकतंत्र की संरक्षक होंगी खासकर ऐसे समय में जब कि देश कई तरह के कलह में फंसा है।

NCP नेता शरद पवार ने भी बधाई देते हुए कहा कि देश के सबसे प्रतिष्ठित पद पर आसीन होने के लिए शुभकामनाएं देता हूं। राष्ट्रपति के कार्यकाल में सफलता के लिए भी शुभकामना। राहुल गांधी ने भी ट्वीट कर द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी। वहीं प्रधानमंत्री मोदी मुर्मू को बधाई देने उनके आवास पर पहुंचे थे।

Related Articles

Back to top button