पत्नी के शौक पूरे करने के लिए अपनाया ये रास्ता

जुबिली पोस्ट ब्यूरो
लखनऊ। पत्नी के शौक पूरे करने के चक्कर में एक युवक चरस तस्कर बन गया। कानपुर में किदवई नगर पुलिस ने उसे तीन किलो चरस संग दबोचा है। सीओ बाबूपुरवा मनोज कुमार गुप्ता ने बताया कि बुधवार सुबह वेंडी स्कूल चौराहे के पास वाहन चेकिंग के दौरान एक बाइक सवार पुलिस को देख भागने लगा और गिर गया। उसके बैग से तीन किलो चरस मिली।

वह कानपुर देहात के रसूलाबाद निवासी रामवीर है। छह महीने पहले उसने प्रेम विवाह किया था। पत्नी के लिए जेवर खरीदने और उसके अन्य शौक पूरे करने के लिए वह मक्कापुर, महाराजपुर निवासी रीना नाम की महिला से चरस लेकर तस्करी करने लगा।
रामवीर ने बताया कि चरस सप्लाई के लिए रीना उसे कोड वर्ड बताती थी। सप्लाई लेने वाला शख्स लाल या पीली शर्ट पहने रहता था। रीना की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार इनके पूरे गिरोह को पकड़ने का प्रायस किया जा रहा है।



