माता वैष्णो भवन में भगदड़, 12 की मौत, PMO से हुई 2-2 लाख मुआवजा देने की घोषणा

जुबिली न्यूज डेस्क

जम्मू के कटरा में माता वैष्णो देवी के मंदिर से दुखद खबर मिली है। रात में दर्शन के दौरान माता वैष्णो देवी के भवन में भगदड़ मच गई जिसमें 12 लोगों की मौत हो गई। वहीं कई लोग घायल भी हो गए।

इस घटना पर पीएम मोदी ने दुख जताया है और मृतकों के परिवारों को 2 लाख रुपये की राहत राशि देने की घोषणा की है।

बताया जा रहा है कि नए साल के मौके पर माता के मंदिर में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। इसी बीच भगदड़ मच गई। घटना में कई लोग घायल हुए हैं जिन्हें अस्पातल में भर्ती कराया गया है।

गेट नंबर तीन के पास हुई भगदड़

जम्मू-कश्मीर स्थित प्रसिद्ध माता वैष्णो देवी तीर्थ क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण मची भगदड़ में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि भगदड़ मंदिर के गर्भगृह के बाहर गेट नंबर तीन के पास हुई। माता वैष्णो देवी मंदिर जम्मू से करीब 50 किलोमीटर दूर त्रिकुटा पर्वत पर स्थित है।

वहीं जम्मू-कश्मीर के एलजी मनोज सिन्हा ने ऐलान किया है कि मारे गए लोगों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये और घायलों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

गृह मंत्री अमित शाह ने शोक जताते हुए कहा, ‘माता वैष्णो देवी मंदिर में हुई दुखद दुर्घटना से हृदय अत्यंत व्यथित है। इस संबंध में मैंने छ्व&्य के उपराज्यपाल श्री मनोज सिन्हा जी से बात की है। प्रशासन घायलों को उपचार पहुँचाने के लिए निरंतर कार्यरत है। इस हादसे में जान गँवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ।’

एक अधिकारी के अनुसार मारे गए लोगों में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के लोग शामिल हैं। वहीं घायलों को पास के नारायण अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार रात 2 से 3 के बीच भगदड़ मच गई। कुछ लोगों में कहा सुनी के बाद धक्का मुक्की हुई और इसी बीच यह हादसा हो गया।

पुलिस का कहना है कि मरने वालों का आंकड़ा बढ़ भी सकता है। कटरा अस्पताल के बीएमओ डॉक्टर गोपाल दत्त ने बताया कि कम से कम 12 लोगों की जान गई है तो वहीं 13 से ज्यादा घायल हैं। पुलिस का कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है।

राष्ट्रपति ने जताई गहरी संवेदना

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी वैष्णो देवी मंदिर में हुई घटना पर गहरी संवेदना जाहिर की है। राष्ट्रपति ने भगदड़ में घायल हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

राहुल गांधी ने जताई संवेदना

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने माता वैष्णो देवी मंदिर में भगदड़ के दौरान मारे गए लोगों के प्रति अपनी संवेदना जाहिर की है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा’ माता वैष्णोदेवी मंदिर में हुई भगदड़ की दुर्घटना दुखद है। मृतकों के परिवारजनों को मेरी शोक संवेदनाएँ। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना है।’

वैष्णो देवी मंदिर में हुए हादसे की उच्चस्तरीय जांच

जम्मू और कश्मीर के उपराज्यपाल कार्यालय की तरफ से ट्वीट कर अहम जानकारी दी गई है। उपराज्यपाल ने बताया कि मैंने गृहमंत्री अमित शाह से बातचीत की है और उन्हें इस घटना की जानकारी दी है। इस मामले में उच्चस्तरीय जांच कराई जाएगी। इस जांच कमेटी का नेतृत्व मुख्य सचिव (गृह) करेंगे।

 

Related Articles

Back to top button