राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अंबाला एयरफोर्स स्टेशन से राफेल में भरी उड़ान, देश की रक्षा क्षमता पर जताया गर्व

जुबिली न्यूज डेस्क 

हरियाणा के अंबाला एयरफोर्स स्टेशन पर बुधवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राफेल एयरक्राफ्ट में उड़ान भरकर इतिहास रच दिया। उन्होंने इसे “यादगार अनुभव” बताया और कहा कि इस शक्तिशाली राफेल पर पहली उड़ान ने उन्हें देश की रक्षा क्षमताओं पर नए सिरे से गर्व महसूस कराया। राफेल पर चढ़ने से पहले राष्ट्रपति ने जी-सूट पहनकर उड़ान की तैयारी की।

राष्ट्रपति मुर्मू भारत की पहली महिला राष्ट्रपति हैं जिन्होंने दो अलग-अलग फाइटर एयरक्राफ्ट में उड़ान भरी है। इससे पहले, अप्रैल 2023 में उन्होंने असम के तेजपुर एयरफोर्स स्टेशन से सुखोई-30 MKI में उड़ान भरी थी। इस ऐतिहासिक अवसर ने भारतीय वायुसेना के गौरव और देश में बढ़ती नारी शक्ति दोनों को उजागर किया।

राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पर अपने अनुभव को साझा करते हुए लिखा, “राफेल पर उड़ान भरना मेरे लिए एक यादगार अनुभव है। इस ताकतवर विमान पर पहली उड़ान ने मेरे अंदर देश की रक्षा क्षमताओं के लिए नए सिरे से गर्व की भावना भर दी है।” उन्होंने भारतीय वायु सेना और अंबाला एयरफोर्स स्टेशन की टीम को इस उड़ान को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए बधाई भी दी।

ये भी पढ़ें-मुजफ्फरपुर में महागठबंधन रैली: तेजस्वी यादव ने अपराधियों को लेकर किया ये ऐलान

अंबाला एयरबेस देश का प्रमुख सामरिक ठिकाना है और यहां राफेल स्क्वाड्रन गोल्डन एरो तैनात है। राफेल वही विमान है जिसका इस्तेमाल ऑपरेशन सिंदूर में किया गया था, जिसमें पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले किए गए थे। यह ऑपरेशन 7 मई से 10 मई 2023 तक चला और दोनों देशों के बीच सैन्य कार्रवाई रोकने की सहमति के साथ समाप्त हुआ।राष्ट्रपति की इस उड़ान ने भारतीय वायुसेना के आधुनिक विमानन और देश की सुरक्षा क्षमताओं को फिर से उजागर किया।

Related Articles

Back to top button