भारत मंडपम में AI समिट पर सियासी संग्राम, बीजेपी का कांग्रेस मुख्यालय पर प्रदर्शन

जुबिली न्यूज डेस्क
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित AI समिट के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन के बाद सियासत गरमा गई है। शुक्रवार को समिट के बीच कुछ कार्यकर्ताओं ने टी-शर्ट उतारकर प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री के खिलाफ नारेबाजी की। इस घटना के विरोध में अब भारतीय जनता पार्टी का युवा मोर्चा भी सड़क पर उतर आया है।

कांग्रेस मुख्यालय का घेराव
बीजेपी युवा मोर्चा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा के नेतृत्व में कांग्रेस मुख्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन में सांसद मनोज तिवारी समेत कई नेता शामिल हुए।
बीजेपी की मांग है कि देश की छवि को विश्व पटल पर धूमिल करने के लिए राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी देश से सार्वजनिक माफी मांगें। पार्टी ने इस कथित साजिश में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की भी मांग की है।
‘कांग्रेस के अंदर का फ्रस्ट्रेशन’
प्रदर्शन के दौरान मनोज तिवारी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि AI समिट में 80 से अधिक देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए थे और भारत की तकनीकी प्रगति की सराहना की गई। उनके अनुसार, यह “भारत का AI इंपैक्ट समिट” था, जिसमें भारतीय वैज्ञानिकों की उपलब्धियों को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया गया।
उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों का जिक्र करते हुए कहा कि देश में हर साल लगभग 5 लाख सड़क हादसे होते हैं और 2.5 लाख लोगों की जान जाती है। AI तकनीक के जरिए इन दुर्घटनाओं को कम करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। उनका आरोप था कि कांग्रेस इस प्रगति को पचा नहीं पा रही है।
ये भी पढ़ें-महाराष्ट्र राज्यसभा चुनाव: एमवीए की एक सीट पर सस्पेंस, संजय राउत बोले-बातचीत से होगा फैसला
‘घटना गंभीर, देश की छवि से जुड़ा मामला’
दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि यह कोई सामान्य विरोध नहीं था, बल्कि कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाता है। उनके अनुसार, अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन में इस तरह का प्रदर्शन देश की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि AI समिट भारत की तकनीकी ताकत और वैश्विक नेतृत्व की दिशा में बढ़ते कदम का प्रतीक है।



