ईरान-अमेरिका तनाव का असर: भारत में बदले तेल-गैस नियम, अब पेट्रोल पंप पर मिलेगा LPG सिलेंडर

नई दिल्ली। ईरान-अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव और Strait of Hormuz (होर्मुज जलडमरूमध्य) में सप्लाई बाधित होने का असर अब भारत पर भी दिखने लगा है। ग्लोबल सप्लाई चेन प्रभावित होने से देश में तेल और गैस की उपलब्धता को लेकर चुनौतियां बढ़ गई हैं।
इसी संकट से निपटने के लिए केंद्र सरकार ने पिछले कुछ दिनों में कई बड़े फैसले लिए हैं। एलपीजी सिलेंडर की कीमतों, बुकिंग नियमों, पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी और केरोसिन की उपलब्धता जैसे क्षेत्रों में बदलाव किए गए हैं। अब इसी कड़ी में एक और बड़ा कदम उठाया गया है।
पेट्रोल पंप पर मिलेगा LPG सिलेंडर
सरकार ने आम लोगों को राहत देने के लिए नया नियम लागू किया है, जिसके तहत अब पेट्रोल पंपों पर भी एलपीजी सिलेंडर की बिक्री की जाएगी।
सरकारी तेल कंपनी Indian Oil Corporation (इंडियन ऑयल) ने घोषणा की है कि उसके पेट्रोल पंपों पर 5 किलो के छोटे घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे।
बताया जा रहा है कि आज शाम से इन सिलेंडरों की बिक्री शुरू की जा सकती है, हालांकि फिलहाल कई पेट्रोल पंपों पर इसकी उपलब्धता शुरू नहीं हुई है।
केरोसिन के बाद अब सिलेंडर भी
इससे पहले सरकार ने राशन दुकानों के साथ-साथ पेट्रोल पंपों पर केरोसिन तेल की बिक्री की भी अनुमति दी थी। अब सिलेंडर बिक्री की अनुमति देकर सरकार ने गैस संकट के बीच सप्लाई को आसान बनाने की कोशिश की है।
लंबी लाइनों से मिलेगी राहत
गैस एजेंसियों के बाहर लगने वाली लंबी कतारों और बढ़ती मांग को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। 5 किलो वाले छोटे सिलेंडर आसानी से उपलब्ध होने से आम लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है, खासकर शहरी और कामकाजी वर्ग को इसका सीधा फायदा होगा।
अभी शुरू होने का इंतजार
पेट्रोल पंप कर्मचारियों के अनुसार, सिलेंडरों की सप्लाई आज शाम से शुरू हो सकती है। आने वाले दिनों में देशभर के अधिकतर पेट्रोल पंपों पर यह सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है।



