तेजस्वी यादव बने RJD के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, पार्टी की कमान संभाली

जुबिली स्पेशल डेस्क
बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव को रविवार को राष्ट्रीय जनता दल (RJD) का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष चुना गया। यह फैसला पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया। बैठक की अध्यक्षता RJD के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने की।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, बैठक में कई बड़े संगठनात्मक फैसले भी लिए जाने की संभावना है। अपनी उम्र और स्वास्थ्य की स्थिति को देखते हुए लालू प्रसाद यादव ने पार्टी की पूरी कमान अपने बेटे तेजस्वी को सौंप दी।
बैठक में देश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और पार्टी की आगे की रणनीति पर भी चर्चा हुई। इसमें 20 से अधिक राज्यों के अध्यक्ष, राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य, विधायक, एमएलसी और सांसद शामिल हुए।
विधानसभा चुनाव के बाद आरजेडी की पहली बड़ी बैठक
यह बैठक नवंबर में हुए विधानसभा चुनावों के बाद आरजेडी की पहली बड़ी बैठक मानी जा रही है। सूत्रों के अनुसार, तेजस्वी यादव पार्टी के खराब प्रदर्शन पर तैयार की गई रिपोर्ट के आधार पर लगभग 300 नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई कर सकते हैं। रिपोर्ट RJD के राज्य अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने तेजस्वी को सौंप दी है। इसके अलावा, प्रदेश अध्यक्ष और प्रधान महासचिव जैसे अहम पदों पर भी निर्णय लिए जाने की संभावना है।
नीतीश सरकार पर तेजस्वी यादव का हमला
हालांकि तेजस्वी यादव ने पहले कहा था कि नीतीश सरकार बनने के बाद वह 100 दिनों तक चुप रहेंगे, लेकिन उन्होंने बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर नीतीश सरकार और बीजेपी पर तीखा हमला किया।



