तो क्या नीतीश कुमार अब बिहार के CM सिर्फ नाम के रह गए हैं!

जुबिली स्पेशल डेस्क

बिहार में नई सरकार का गठन हो गया है। नीतीश कुमार दसवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री बने हैं। हालांकि बड़ा सवाल यह है कि नीतीश कुमार कितने दिन तक इस पद पर बने रहेंगे, क्योंकि राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बीजेपी आज नहीं तो कल अपना मुख्यमंत्री लाने की कोशिश जरूर करेगी।

नीतीश कुमार भले ही मुख्यमंत्री बनकर खुश हों, लेकिन उनके हाथ से कई अहम विभाग छीन लिए गए हैं। बिहार में बीजेपी का सबसे बड़ा चेहरा, सम्राट चौधरी, एक बार फिर उपमुख्यमंत्री बने हैं, और इस बार उनकी ताकत पहले से दोगुनी है। दरअसल, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को गृह मंत्रालय जैसे अहम मंत्रालय का कार्यभार सौंपा गया है।

अगर आप नीतीश कुमार के सीएम कार्यकाल पर नजर डालें तो यह पिछले 20 वर्षों में पहली बार है जब गृह विभाग उनके हाथ में नहीं है और यह बीजेपी के खाते में चला गया है। अब सम्राट चौधरी को बिहार की कानून व्यवस्था को ठीक रखने की अहम जिम्मेदारी निभानी होगी।

ये भी पढ़ें-नीतीश कुमार ने रिकॉर्ड 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, 26 मंत्रियों के साथ नई कैबिनेट हुई गठित

दूसरे डिप्टी सीएम, विजय सिन्हा, भूमि और राजस्व के अलावा खनन और भू-तत्व विभाग जैसे अहम मंत्रालयों को संभालेंगे। वहीं, बीजेपी के मंत्री रामकृपाल यादव को कृषि मंत्रालय सौंपा गया है।

इस तरह देखा जाए तो कई अहम मंत्रालय बीजेपी के खाते में चले गए हैं, जबकि जेडीयू को वह प्रमुख विभाग नहीं मिले हैं, जो पिछली सरकार में उनके पास हुआ करते थे।

बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे आ चुके हैं और इस बार बीजेपी ने दमदार प्रदर्शन करते हुए सभी को चौंका दिया है। पार्टी ने 89 सीटें जीतकर आरजेडी की ‘लालटेन’ को लगभग बुझा दिया है। वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी अपनी राजनीतिक पकड़ साबित करते हुए 85 सीटों पर जीत दर्ज की है।

Related Articles

Back to top button