कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से बरसाए फूल, नजारा देख झूम उठे भक्त

जुबिली पोस्ट ब्यूरो

लखनऊ। सहारनपुर जिले में आसमान में उड़ते हेलीकॉप्टर से कांवड़ यात्रा मार्ग पर अधिकारियों ने जायजा लिया और श्रद्धालु कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की गई। पुष्प वर्षा होते देख शिवभक्तों ने बोल बम का जयघोष किया और खुशी जताई। लगभग 15 मिनट तक शहर के घंटाघर से गागलहेड़ी तक पुष्प वर्षा की गई।

जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार और यातायात पुलिस अधीक्षक अपर्णा गुप्ता पुलिस लाइन से हेलीकॉप्टर में बैठकर कांवड़ यात्रा मार्ग के ऊपर से गुजरे। अधिकारियों ने हेलीकॉप्टर में से करीब दो क्विंटल गुलाब और जरवेरा फूलों की पंखड़ियों की वर्षा की।

आसमान से फूलों की वर्षा होते देख कांवड़िये खुशी से झूम उठे। लोगों ने भी आसमान से हो रही पुष्पवर्षा की सराहना की।

बता दें कि अधिकारियों ने पुष्प वर्षा के साथ ही कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। आसमान से कांवड़ मार्ग का निरीक्षण करने के बाद गागलहेड़ी से हेलीकॉप्टर 15 मिनट में वापस पुलिस लाइन में उतरा।

उधर, मंडलायुक्त संजय कुमार और डीआईजी उपेंद्र अग्रवाल ने मुजफ्फरनगर में एडीजी प्रशांत कुमार के साथ कांवड़ यात्रा मार्ग पर पुष्प वर्षा की। वहां से मंडलायुक्त और डीआईजी हेलीकॉप्टर से सहारनपुर पहुंचे, जिसके बाद सहारनपुर में कावड़ यात्रा मार्ग पर पुष्प वर्षा हुई।

मंडलायुक्त संजय कुमार ने बताया कि शनिवार को मुजफ्फरनगर और शामली जनपद में कांवड़ यात्रा मार्ग पर हेलीकॉप्टर से सुरक्षा का जायजा लिया जाएगा और कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की जाएगी।

Related Articles

Back to top button