ISIS ठिकानों पर अमेरिका का बड़ा हमला, ट्रंप बोले– ‘आतंकी कचरे’ को दी सज़ा

जुबिली न्यूज डेस्क
अमेरिका ने नाइजीरिया में ISIS के ठिकानों पर बड़ा सैन्य हमला किया है। अमेरिकी वायुसेना ने उत्तर-पश्चिमी नाइजीरिया में आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाते हुए सटीक एयर स्ट्राइक की, जिसका वीडियो भी अमेरिका की ओर से जारी किया गया है। इस कार्रवाई की जानकारी खुद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया के जरिए दी। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि यह हमला ISIS के उन आतंकियों के खिलाफ किया गया है जो इलाके में ईसाइयों को लगातार निशाना बना रहे थे।

ट्रंप बोले– ईसाइयों पर हमले बन चुके थे अस्तित्व का संकट
डोनाल्ड ट्रंप ने ISIS आतंकियों को “आतंकी कचरा” बताते हुए कहा कि नाइजीरिया में ईसाइयों पर हो रहे हमले नरसंहार जैसे हैं। उन्होंने कहा कि अक्टूबर और नवंबर में वह पहले ही नाइजीरिया को सैन्य कार्रवाई की चेतावनी दे चुके थे। ट्रंप के मुताबिक, निर्दोष ईसाइयों की बेरहमी से हत्या उनके अस्तित्व के लिए सीधा खतरा बन चुकी थी, जिसे अब और बर्दाश्त नहीं किया जा सकता था।
‘निर्दोष ईसाइयों की हत्या करने वालों को जवाब’ – ट्रंप
राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा, “मैंने पहले ही इन आतंकियों को चेतावनी दी थी कि अगर उन्होंने ईसाइयों का कत्लेआम नहीं रोका तो उन्हें इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। आज रात वही हुआ। डिपार्टमेंट ऑफ वॉर ने कई परफेक्ट स्ट्राइक कीं, जैसी सिर्फ अमेरिका ही कर सकता है।”उन्होंने साफ कहा कि उनके नेतृत्व में कट्टरपंथी इस्लामिक आतंकवाद को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा।
नाइजीरिया सरकार ने अमेरिकी सहयोग की पुष्टि की
नाइजीरिया के विदेश मंत्रालय ने इन हवाई हमलों की पुष्टि करते हुए बताया कि यह कार्रवाई नाइजीरिया और अमेरिका के बीच चल रहे सुरक्षा और खुफिया सहयोग का हिस्सा है।मंत्रालय के अनुसार, दोनों देशों के बीच खुफिया जानकारी साझा की जा रही है और रणनीतिक समन्वय के तहत आतंकवादी संगठनों को निशाना बनाया जा रहा है। सरकार ने यह भी दोहराया कि इस सहयोग का उद्देश्य आतंकवादी नेटवर्क को कमजोर करना और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
ये भी पढ़ें-नाइजीरिया में ISIS ठिकानों पर अमेरिका का बड़ा एयरस्ट्राइक, सरकार ने जारी किया आधिकारिक बयान
नाइजीरिया में लंबे समय से जारी है आतंक की चुनौती
गौरतलब है कि नाइजीरिया लंबे समय से आतंकवादी हिंसा से जूझ रहा है। देश के उत्तर और उत्तर-पश्चिमी इलाकों में ISIS से जुड़े गुट और बोको हराम जैसे संगठन लगातार हमलों को अंजाम देते रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या में नागरिकों की जान गई है।



