नाइजीरिया में ISIS ठिकानों पर अमेरिका का बड़ा एयरस्ट्राइक, सरकार ने जारी किया आधिकारिक बयान

जुबिली न्यूज डेस्क
अमेरिका ने नाइजीरिया के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों में ISIS से जुड़े आतंकवादी ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हवाई हमला किया है। इस कार्रवाई को लेकर नाइजीरिया सरकार ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा है कि यह हमला दोनों देशों के बीच चल रहे सुरक्षा और खुफिया सहयोग का हिस्सा है।

नाइजीरिया सरकार के मुताबिक, आतंकवाद और हिंसक उग्रवाद से निपटने के लिए वह अमेरिका और अन्य अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के साथ लगातार समन्वय कर रही है। इसी सहयोग के तहत नॉर्थ वेस्ट नाइजीरिया में आतंकवादी ठिकानों को एयर स्ट्राइक के जरिए सटीक तरीके से निशाना बनाया गया।
विदेश मंत्रालय का बयान: अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत कार्रवाई
नाइजीरिया के विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि यह सुरक्षा सहयोग अंतरराष्ट्रीय नियमों और द्विपक्षीय समझौतों के अनुरूप है। इसमें खुफिया सूचनाओं का आदान-प्रदान, रणनीतिक समन्वय और आवश्यक सैन्य समर्थन शामिल है।
मंत्रालय ने कहा कि सभी गतिविधियां अंतरराष्ट्रीय कानून, संप्रभुता के सम्मान और क्षेत्रीय व वैश्विक सुरक्षा के प्रति साझा प्रतिबद्धताओं के अनुरूप की जा रही हैं।
नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
सरकार ने दोहराया कि आतंकवाद-रोधी सभी प्रयासों का मुख्य उद्देश्य नागरिकों की सुरक्षा, राष्ट्रीय एकता की रक्षा और सभी नागरिकों के अधिकारों एवं गरिमा का संरक्षण है।बयान में कहा गया कि किसी भी धर्म या जातीयता के खिलाफ आतंकवादी हिंसा नाइजीरिया के मूल्यों और अंतरराष्ट्रीय शांति के सिद्धांतों के खिलाफ है।
आतंकवादी नेटवर्क को कमजोर करने की रणनीति
फेडरल सरकार अपने अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के साथ मिलकर आतंकवादी नेटवर्क को कमजोर करने, उनके वित्त पोषण और लॉजिस्टिक सप्लाई को बाधित करने तथा सीमा पार से उत्पन्न खतरों को रोकने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
इसके साथ ही नाइजीरिया अपनी सुरक्षा एजेंसियों और खुफिया क्षमताओं को भी मजबूत कर रहा है।
विदेश मंत्रालय ने भरोसा दिलाया कि यह सुरक्षा और खुफिया सहयोग आगे भी जारी रहेगा और जनता को आधिकारिक चैनलों के माध्यम से समय-समय पर जानकारी दी जाती रहेगी।
ये भी पढ़ें-बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हिंसा जारी, एक और युवक की मौत
नाइजीरिया में आतंकवाद की चुनौती
गौरतलब है कि नाइजीरिया लंबे समय से आतंकवादी हिंसा से जूझ रहा है। देश के उत्तर और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में ISIS से जुड़े गुटों और बोको हराम जैसे संगठनों की गतिविधियां लगातार सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बनी हुई हैं।



