अब दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में कोरोना मरीज ने तोड़ा दम

न्यूज़ डेस्क

भारत में कोरोना वायरस दिन पर दिन और खतरनाक होता जा रहा है। इस वायरस से संक्रमित मरीजो में अब दूसरे मरीज की मौत दिल्ली में हो गई। हालांकि दिल्ली में यह पहली मौत है। 69 वर्षीय महिला को दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मृतक महिला का बेटा जल्द ही विदेश से लौटा था।

गौरतलब है कि कोरोना वायरस से कल यानी शुक्रवार को कर्नाटक में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इसके बाद दूसरा मामला दिल्ली में हुआ है। अब तक भारत में इस वायरस से संक्रमित दो लोगों की मौत हो गई थी। वहीं भारत में कोरोना वायरस के कुल 89 मामले सामने आ चुके हैं। इसके अलावा इनमें से चार लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

इन 89 मामलों में से दिल्ली में कोरोना वायरस के 6 मामले, हरियाणा में 17, केरल में 22, राजस्थान में 3 मामले, तेलंगाना में एक मामला, उत्तर प्रदेश में 11 मामले, लद्दाख में 3 मामले, तमिलनाडु में एक मामला, जम्मू-कश्मीर में 2 मामले, पंजाब में एक मामला, कर्नाटक में 7 मामले, आंध्र प्रदेश में एक मामला और महाराष्ट्र में 17 मामले सामने आए हैं।

दुनियाभर में कोरोना वायरस की चपेट में आने वाले लोगों की संख्या एक लाख 38 हजार 153 से ज्यादा हो चुकी है। कोरोना वायरस से अब तक 5081 लोगों की जान भी जा चुकी है, जबकि 70 हजार से ज़्यादा लोगों को इलाज के बाद अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है। चीन के बाद कोरोना वायरस के सबसे ज्यादा मामले यूरोप में देखने को मिले हैं।

अमेरिका और फ़्रांस ने घोषित किया राष्ट्रीय आपातकाल

अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने कोराना वायरस के संकट को देखते हुए राष्ट्रीय आपातकाल की घोषणा कर दी है। अमेरिकी सरकार ने इस संकट से निपटने के लिए किए जा रहे प्रयासों के तहत 50 अरब अमेरिकी डॉलर का संघीय कोष भी जारी किया है।

इसके अलावा स्पेन ने भी राष्ट्रीय आपातकाल घोषित किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने भारतीय समयानुसार शुक्रवार देर रात एक बजे एक प्रेस कांफ्रेंस में राष्ट्रीय आपातकाल की घोषणा की।

Related Articles

Back to top button