शिवपाल बोले- अकेले लड़ेंगे 2022 का विधानसभा चुनाव, नहीं होगा विलय

न्यूज डेस्क
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने समाजवादी पार्टी में विलय की अटकलों पर विराम लगा दिया है। उन्होंने कहा कि प्रसपा किसी भी पार्टी से विलय नहीं करेगी।
शिवपाल ने कहा कि पार्टी संगठन को और मजबूत करेगी। लोकसभा चुनाव में हमें समय कम मिला, लेकिन हम आगामी विधानसभा चुनाव मजबूती से लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि 2022 में पार्टी प्रदेश में सरकार बनाएगी। हालांकि उन्होंने सूबे में होने वाले विधानसभा उपचुनाव न लड़ने का संकेत भी दिया।
शिवपाल के इस बयान के बाद उनके बड़े भाई और सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की उन कोशिशों को करारा झटका लगा है जिसके तहत वो शिवपाल की सपा में वापसी के लिए प्रयास कर रहे हैं।
गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी में अनदेखी के चलते पार्टी से अलग होने के बाद शिवपाल यादव ने अपनी पार्टी प्रसपा बना ली है। लोकसभा चुनाव में करारी हार के बाद अब मुलायम चाहते है कि शिवपाल फिर से सपा में शामिल हो जाए या अखिलेश के साथ गठबंधन करके 2022 का विधानसभा चुनाव लड़े।
बता दें कि लोकसभा चुनाव के शिवपाल की पार्टी प्रसपा ने 11 राज्यों में चुनाव लड़ा था। इस दौरान प्रसपा एक भी सीट जीत नहीं पाई। हालांकि, प्रसपा को कई संसदीय क्षेत्रों में अच्छे वोट मिले थे।
इस बात से उत्साहित शिवपाल ने कहा कि 2022 विधानसभा चुनाव में प्रसपा अकेले चुनाव लड़ेगी और उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी। प्रसपा अध्यक्ष ने इस दौरान यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए उन्हें ईमानदार मुख्यमंत्री बताया। हालांकि, यूपी के अफसरों पर एसी ऑफिस में बैठकर योजनाएं बनाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि जिलों में बहुत भ्रष्टाचार फैला है।



