शेखर कपूर पर क्यों भड़के जावेद अख्तर

न्यूज डेस्क

फिल्म स्टार्स में ट्विटर वार अब आम हो गया है। आए दिन कोई न कोई ट्विटर पर भिड़ जाता है और एक-दूसरे को चुप कराने के लिए ट्विटर पर बहस करने लगते हैं। इस बार ट्विटर पर गीतकार जावेद अख्तर नाराज हो गए।

दरअसल शनिवार को फिल्मकार शेखर कपूर ने ट्वीट किया, जिस पर जावेद अख्तर भड़क गए। उन्हें इतना गुस्सा आया कि उन्होंने ट्विटर पर ही शेखर कपूर को डॉक्टर से दिखाने की सलाह दे दी।

शेखर कपूर ने शनिवार को एक ट्वीट कर लिखा था कि उन्हें इस देश में रिफ्यूजी जैसा महसूस होता है और उन्हें यहां के बुद्धिजीवियों से डर लगता है। उन्होंने आगे लिखा, ‘बंटवारे के बाद एक रिफ्यूजी की तरह जिंदगी की शुरुआत की। माता-पिता ने बच्चों की जिंदगी बनाने के लिए सबकुछ दे दिया। हमेशा से बुद्धिजीवियों से डरता रहा। उन्होंने मुझे हमेशा छोटा महसूस करवाया। फिर अचानक से मेरी फिल्मों के बाद मुझे गले लगा लिया। मुझे आज भी उनसे डर लगता है। उनका गला सांप के काटने जैसा है। आज भी रिफ्यूजी जैसा हूं।’

उनके इस ट्वीट के जवाब में जावेद अख्तर ने लगातार ट्वीट कर शेखर को करारा जवाब दिया। जावेद ने सख्त लहजे में शेखर की निंदा करते हुए लिखा, ‘वो कौन से बुद्धिजीवी हैं जिन्होंने आपको गले लगाया और आपको वो सांप के काटने जैसा लगा? श्याम बेनेगल, आदूर गोपाल कृष्णा, राम चंद्र गुहा? सच में? शेखर साहब आप ठीक नहीं है। आपको मदद की जरूरत है। इस बात में कोई शर्म नहीं है जाइये किसी मनोचिकित्सक से मिल लीजिए।’

जावेद यही नहीं रूके। अपने अगले ट्वीट में लिखा, ‘आपका क्या मतलब है कि आप अभी भी रिफ्यूजी हैं। क्या आपका मतलब है कि आपको भारतीय नहीं बल्कि बाहर के व्यक्ति जैसा महसूस होता है और ये लगता है कि ये आपका देश नहीं है। अगर भारत में आपको रिफ्यूजी जैसा लग रहा है तो कहां नहीं लगेगा, पाकिस्तान में? ये मेलोड्रामा करना बंद करो।’

जावेद अख्तर ने आगे लिखा, ‘आप अपने आप को बीते कल से निष्पक्ष और आने वाले से निर्भय बताते हैं। कहते हैं कि आप आज में जीते हैं और वहीं आप कह रहे हैं कि आपको बंटवारे के बाद रिफ्यूजी जैसा लग रहा है और आप आज भी रिफ्यूजी हैं। इन दोनों बातों में फर्क देखने के लिए किसी को ज्यादा सोचने की जरूरत नहीं है।’

गौरतलब है कि शेखर कपूर ने 49 आर्टिस्ट्स के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मॉब लिंचिंग को रोकने के लिए लेटर लिखने के बाद ये ट्वीट किए थे। हालांकि इस लेटर के बदले कंगना रनौत, प्रसून जोशी समेत 62 कलाकारों ने इसके जवाब में एक और लेटर लिखा था। यहां तक कि शनिवार को ही शेखर कपूर ने प्रधानमंत्री की तारीफ भी की थी।

Related Articles

Back to top button