UP चुनाव : मायावती ने बुलाई अहम बैठक, मिशन 2027 की तैयारियों पर जोर

जुबिली स्पेशल डेस्क
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। 29 मार्च को समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने नोएडा में PDA रैली कर चुनावी अभियान की शुरुआत की थी। इसके एक दिन बाद, बहुजन समाज पार्टी (BSP) प्रमुख मायावती ने भी बड़ा कदम उठाया है।
मायावती ने सोमवार, 30 मार्च को ऐलान किया कि मंगलवार, 31 मार्च को पार्टी के लखनऊ मुख्यालय में सभी प्रदेश और जिला स्तरीय पदाधिकारियों की अहम बैठक बुलाई जाएगी।
इस बैठक में पार्टी की संगठनात्मक मजबूती, चुनावी रणनीति, आर्थिक स्थिति और जनाधार बढ़ाने के उपायों पर चर्चा होने की संभावना है। साथ ही, आगामी आंबेडकर जयंती की तैयारियों पर भी फोकस रहेगा।
Quick Read | मिशन 2027 के मुख्य बिंदु
- मायावती पार्टी पदाधिकारियों से बूथ स्तर तक की कमेटियों और टारगेट रिपोर्ट लेंगी।
- संगठन को मजबूत करने और बहुजन एकता पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
- कार्यकर्ताओं को और अधिक सक्रिय होने और लोगों के बीच जाने के निर्देश दिए जा सकते हैं।
- बैठक को मिशन 2027 के लिए रणनीतिक माना जा रहा है।
- बाबा साहब आंबेडकर जयंती की तैयारियों पर भी संभावित चर्चा।
प्रदेश में चुनावी हलचल तेज
राजनीतिक गतिविधियों की शुरुआत पहले ही हो चुकी है। रविवार को अखिलेश यादव ने नोएडा में PDA रैली कर वेस्ट यूपी में चुनावी अभियान का शंखनाद किया। इसके पहले 28 मार्च को प्रधानमंत्री मोदी ने जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन को लेकर नोएडा में रैली की। वहीं, मायावती ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर जेवर एयरपोर्ट प्रोजेक्ट को अपनी सरकार में शुरू होने का दावा किया।
बीते कुछ दिनों में बढ़ी राजनीतिक गतिविधियों से स्पष्ट हो रहा है कि यूपी में सभी बड़े दल अब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए अपनी तैयारियों को गति दे चुके हैं।


