थाईलैंड-कंबोडिया संघर्ष पर ट्रंप का बड़ा ऐलान, युद्धविराम पर बनी सहमति

जुबिली स्पेशल डेस्क

थाईलैंड और कंबोडिया के बीच जारी सैन्य संघर्ष को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने कहा कि दोनों देशों के बीच अचानक भड़के इस टकराव को फिलहाल रोक दिया गया है और हाल ही में हुए एक नए समझौते के तहत दोनों देश शांति बनाए रखने पर सहमत हुए हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने थाईलैंड और कंबोडिया के नेताओं की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने त्वरित, निष्पक्ष और दूरदर्शी निर्णय लिया है।

ट्रंप ने कहा, “ऐसे हालात में फैसले तेज और निर्णायक होने चाहिए। संयुक्त राज्य अमेरिका, हमेशा की तरह, शांति स्थापना में मदद करने पर गर्व महसूस करता है।”

डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि पिछले 11 महीनों में उन्होंने कई युद्धों और संघर्षों को समाप्त कराने या रोकने में भूमिका निभाई है। उन्होंने यहां तक कहा कि अमेरिका अब एक तरह से “वास्तविक संयुक्त राष्ट्र” बन गया है, जिसने कई वैश्विक संकटों में निर्णायक भूमिका निभाई है, जिसमें रूस-यूक्रेन युद्ध जैसी मौजूदा स्थिति भी शामिल है।

संयुक्त राष्ट्र को ट्रंप की नसीहत

ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र संघ (UNO) को भी सलाह दी और कहा कि दुनिया में शांति स्थापित करने के लिए यूएन को और अधिक सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

थाईलैंड-कंबोडिया के बीच लागू हुआ सीजफायर

थाईलैंड और कंबोडिया ने शनिवार (27 दिसंबर, 2025) को आधिकारिक रूप से सीजफायर लागू करने पर सहमति जताई थी। यह फैसला सीमा पर बढ़ते तनाव के बाद लिया गया। करीब 20 दिनों तक चले इस संघर्ष में दोनों देशों के कम से कम 100 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि लाखों लोग अपने घर छोड़ने को मजबूर हुए हैं।

क्यों है थाईलैंड और कंबोडिया के बीच विवाद?

थाईलैंड और कंबोडिया के बीच विवाद 817 किलोमीटर लंबी साझा सीमा के कई हिस्सों में फैला हुआ है। इस साल जुलाई में हालात तब और बिगड़ गए थे, जब सीमा पर सैन्य कार्रवाई में कई लोगों की जान गई थी। उस समय अमेरिका और चीन की मध्यस्थता से दोनों देश सीजफायर के लिए राजी हुए थे।

हालांकि, 7 दिसंबर को दोनों देशों ने एक-दूसरे पर सीजफायर उल्लंघन के आरोप लगाए, जिससे तनाव फिर बढ़ गया। दोनों देशों के बीच यह विवाद औपनिवेशिक दौर में तय की गई सीमा रेखाओं और सीमा क्षेत्र में स्थित प्राचीन मंदिरों को लेकर लंबे समय से चला आ रहा है।

Related Articles

Back to top button