‘कतनो खईब लिट्टी चोखा, बिहार न भुली राउर धोखा’

न्यूज डेस्क

देश की राजधानी दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी बीते दिन राजपथ पर हुनर हाट का आनंद लेने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि यहां पहुंचकर उन्होंने न सिर्फ कई कलाकारों के साथ मुलाकात की बल्कि बिहार की मशहूर लिट्टी चोखा का स्वाद भी चखा। उनके इस अंदाज पर बिहार के कई नेताओं ने ट्वीट के जरिये प्रधानमंत्री पर तंज कसा है।

बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप ने ट्वीट कर लिखा कि ‘कतनो खईब लिट्टी चोखा, बिहार न भुली राउर धोखा.’

गौरतलब है कि पीएम मोदी ने लिट्टी खाने से पहले इसके बारे में बनाने वाले से बातचीत भी की। उसके बाद स्टॉल के सामने बैठकर पत्तल में लिट्टी, चोखा, चटनी और हरी मिर्च के साथ बिहार के इस मशहूर भोजन का स्वाद चखा। इस तस्वीर को खुद पीएम मोदी ने शेयर किया और लिखा कि चाय के साथ भोजन में स्वादिष्ट लिट्टी चोखा था।

अल्पसंख्यक मंत्रालय कर रहा आयोजन

दिल्ली के राजघाट पर हो रहे हुनर हाट का आयोजन अल्पसंख्यक मंत्रालय कर रहा है। बुधवार को प्रधानमंत्री मोदी ने कैबिनेट की बैठक के बाद अचानक वहां पहुंचकर सबको चौंका दिया है। इसके बाद पीएम मोदी ने हुनर हाट में जायके की तस्वीर सोशल मीडिया पर भी शेयर की।

जैसे ही उन्होंने अपनी तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की उसके बाद से ही इस तस्वीर की खूब चर्चा हो रही है। कुछ लोग इसे पीएम मोदी के इस अंदाज को बिहार चुनाव से जोड़कर देख रहे हैं। साथ ही चुनावी स्टंट बता रहे हैं। बता दें कि इस साल के अंत में बिहार में चुनाव होने हैं।

कई नेताओं ने शेयर की तस्वीर

पीएम मोदी द्वारा अपने इस अंदाज की तस्वीर शेयर करते ही बिहार के नेताओं ने भी इसे हाथों हाथ ले लिया है। बिहार के कई नेताओं ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पीएम की तस्वीर को शेयर किया है।

केंद्रीय खाद्य एवं उपभोक्ता मंत्री रामविलास पासवान ने पीएम मोदी के इस कदम की जमकर तारीफ की। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि, ‘बिहार के मशहूर व्यंजन लिट्टी चोखा का आनंद लिया और इसके स्वाद की मुक्त कंठ से सराहना की।’

वहीं जेडीयू नेता और बिहार सरकार में जलसंसाधन मंत्री संजय झा ने भी इस तस्वीर को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया और लिखा कि, ‘पीएम मोदी को लिट्टी चोखा खाते देख खुशी हुई। बिहार के लाखों लोगों के लिए यह व्यंजन सादगी, विनम्रता और यह हमारी महान पाक कला का हिस्सा है। यह गौरव की बात भी है।’

Related Articles

Back to top button