क्या झारखंड में होने वाला है कोई बड़ा खेल?

जुबिली स्पेशल डेस्क

पटना झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। अब खबर है कि खनन लीज आवंटन मामले में उनकी कुर्सी जा सकती है।

दरअसल झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सदस्यता रद्द करने की चर्चा भी जोर पकड़ने लगी है। केन्द्रीय चुनाव आयोग ने राज्यपाल को पत्र भेज दिया है। मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार आयोग ने सोरेन की ओर से एक खान अपने नाम करवाने के मामले में यह सिफारिश की है।

उधर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को लेकर एक बड़ी जानकारी सामने आ रही है। स्थानीय मीडिया की माने तो झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज विधान सभा की सदस्यता से इस्तीफा दे सकते हैं।इस वजह से उन्होंने आज शाम को कैबिनेट की अहम बैठक बुलायी है। जानकारी मिल रही है कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एक बड़ा राजनीतिक दांव खेल सकते हैं। स्थानीय मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार इस्तीफा देने के फौरन बाद राज्यपाल से मिलकर नई सरकार बनाने का दावा पेश कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन चाहतेहैं कि नये तरीके से सरकार का गठन किया जाये। हेमंत सोरेन ने आज गुरुवार को प्रोजेक्ट भवन सचिवालय में राज्य कैबिनेट की बैठक बुलाई है।

इसी बैठक में वो कोई बड़ा फैसला कर सकते हैं। इस बैठक की तैयारी पूरी कर ली गई और जानकारी मिल रही है आज शाम चार बजे ये बैठक हो सकती है। इसके बाद ही झारखंड की असली तस्वीर सामने आ सकती है।

कई चुनावी वादों को पूरा करने के लिए इस नई कैबिनेट का खाका खींचा गया है। जानकारी यहां तक मिल रही है कि बैठक के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मंत्रियों के साथ रायपुर निकल सकते हैं लेकिन अभी कोई ठोस जानकारी नहीं है। वहीं नई सरकार विशेष सत्र के माध्यम से विश्वास मत पेश कर सकती है। अब सबकी नजरे इस बैठक पर लगी हुई है। अब देखना होगा कि हेमंत सोरेन अगला कदम क्या उठाते हैं।

 

Related Articles

Back to top button