संगीतकार वाजिद खान का निधन

  • साजिद और वाजिद की जोड़ी ने मिलकर कंपोज किया था सलमान खान का गाना भाई भाई
  • ईद पर रिलीज हुआ सलमान खान का गाना भाई भाई

न्यूज डेस्क

बॉलीवुड की मशहूर संगीतकार जोड़ी साजिद-वाजिद के चर्चित संगीतकार वाजिद खान का रविवार-सोमवार की रात में निधन हो गया है। वाजिद किडनी की बीमारी से पीडि़त थे। कुछ महीनों पहले ही उनकी किडनी ट्रांसप्लांट की गई थी।

वाजिद खान के आकस्मिक निधन से बॉलीवुड गलियारों में शोक की लहर है। सेलेब्रिटी सोशल मीडिया पर वाजिद खान के जाने पर दुख जता रहे हैं।

वाजिद खान, सलमान खान के करीबी माने जाते थे। उन्होंने सलमान खान की कई फिल्मों के गाने कंपोज किए थे। वर्कफ्रंट पर वाजिद खान ने आखिरी म्यूजिक कंपोजिशन सलमान खान के लिए ही की थी।

मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि वाजिद खान कोरोना से संक्रमित थे। उनके परिवार के मुताबिक ‘वाजिद खान किडनी की बीमारी से पीडि़त थे और उनका दो साल पहले ट्रांस्पलांट हुआ था। उनके गले में इंफेक्शन था। वे चेंबूर के सुराना अस्पताल में भर्ती थे। अभी उनकी कोविड-19 की टेस्ट रिपोर्ट नहीं आई है।’

वाजिद खान का सबसे ताजा गीत भाई-भाई एक सप्ताह पहले ही रिलीज हुआ था। ये सलमान खान के साथ बनाया गया था।

वाजिद ख़ान अपने भाई साजिद ख़ान के साथ मिलकर संगीत बनाते थे और सबसे पहले साल 1998 में सलमान खान अभीनीत फिल्म ‘मैंने प्यार किया से’ से चर्चा में आए थे।

फिल्म अभिनेता रणवीर शोरे ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए ट्विटर पर लिखा है कि वाजिद खान की मौत कोरोना से हुई है।

सेलेब्स ने सोशल मीडिया पर जताया दुख

सलमान खान के करीबी और उनके साथ कई सारी फिल्मों में काम कर चुकी साजिद-वाजिद की जोड़ी अब बिखर गई है। सिंगर और म्यूजिक डायरेक्टर वाजिद खान ने दुनिया को अलविदा कह दिया है. उनके निधन पर एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा समेत कई सितारों ने दुख जताया है।

 

प्रियंका चोपड़ा ने इस पर ट्वीट करते हुए लिखा- बुरी खबर।  एक चीज जो मुझे हमेशा याद रहेगी वो है वाजिद भाई की हंसी।  वे हमेशा मुस्कुराते रहते थे।  बहुत जल्दी चले गए।  उनके परिवार के प्रति मेरी सहानुभूति. भगवान तुम्हारी आत्मा को शांति दे मेरे दोस्त। तुम्हारे लिए प्रार्थना।  प्रियंका के अलावा सलीम मर्चेंट, मालिनी अवस्थी, हर्षदीप कौर, सोनू निगम और निखिल आडवाणी ने भी सिंगर-म्यूजिशियन के निधन पर शोक जताया है।

सिंगर हर्षदीप कौर भी उनके निधन पर काफी दुखी हैं। उन्होंने लिखा- वाजिद खान के परिवार वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। अभी भी विश्वास नहीं कर पा रही कि वे इस दुनिया में नहीं रहे। हमेशा उन्हें मुस्कुराते और आनंदित होते हुए देखा. संगीत जगत को बड़ा नुकसान।

सलीम मर्चेंट ने लिखा- वाजिद खान के निधन की खबर सुनकर बुरी तरह से टूट गया हूं। अल्लाह उनके परिवारवालों को शक्ति दे। बहुत जल्दी चले गए भाई। संगीत जगत के लिए ये गहरी क्षति है। मैं अचंभित हूं और टूट गया हूं।

Related Articles

Back to top button